रामपुर में भाईचारे और सौहार्द के माहौल में संपन्न हुई बकरीद, गंगा-जमुनी तहजीब की दिखी मिसाल

संवाददाता रूपेश कुमार दूबे की रिपोर्ट 

रामपुर/कैमूर: रामपुर प्रखंड के बेलांव और करमचट थाना क्षेत्र में बकरीद का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के माहौल में संपन्न हुआ। पूरे क्षेत्र में कहीं से भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। प्रशासनिक सतर्कता और आमजन के सहयोग से पर्व उत्साह, अमन-चैन और आपसी सद्भाव के साथ मनाया गया।

गुरुवार की सुबह करीब 7:30 बजे विभिन्न ईदगाहों में बकरीद की नमाज अदा की गई, जहां सैकड़ों अकीदमंदों ने एक साथ नमाज पढ़कर देश, प्रदेश और क्षेत्र में अमन, शांति एवं खुशहाली की दुआ मांगी। वहीं मस्जिदों में भी शांतिपूर्ण तरीके से नमाज अदा की गई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।

बकरीद के अवसर पर क्षेत्र में गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने कुर्बानी के बाद हिंदू भाइयों के बीच सेवई, मिठाई और अन्य पकवान वितरित किए। वहीं कई स्थानों पर हिंदू समुदाय के लोग भी ईदगाह पहुंचकर मुस्लिम भाइयों को बकरीद की बधाई देते नजर आए। इससे आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश पूरे इलाके में फैलता दिखा।

पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी अनु कुमारी, बेलांव थानाध्यक्ष परमहंस कुमार एवं करमचट थानाध्यक्ष पंकज कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल सुबह से ही ईदगाहों, मस्जिदों, चौक-चौराहों एवं मुख्य बाजारों में मुस्तैद रहा। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए ड्रोन कैमरे और सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी की गई, जबकि डायल 112 की टीम लगातार क्षेत्र में गश्त करती रही।

प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का लोगों ने पूरी जिम्मेदारी के साथ पालन किया। कुर्बानी केवल चिन्हित स्थलों पर ही की गई तथा अवशेषों को निर्धारित नियमों के तहत गड्ढों में दबाया गया। सड़क पर नमाज या खुले स्थानों पर कुर्बानी का एक भी मामला सामने नहीं आया, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली।

पदाधिकारियों ने बताया कि शांति समिति के सदस्यों, धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों एवं आम लोगों के सहयोग से पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। अधिकारियों ने कहा कि रामपुर प्रखंड की जनता ने आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता की मिसाल पेश की है।

गौरतलब है कि बकरीद पर्व को लेकर प्रशासन ने तीन दिन पहले से ही तैयारी शुरू कर दी थी। क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया था तथा शांति समिति की बैठक आयोजित कर सभी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए थे, जिसका सकारात्मक परिणाम पर्व के सफल आयोजन के रूप में देखने को मिला।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट