आकाशीय बिजली गिरने से दो गाय की हुई मौत
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- May 29, 2026
- 137 views
संवाददाता सूचित पांडेय की रिपोर्ट
रामपुर(कैमूर)-- प्रखंड अंतर्गत करमचट थाना क्षेत्र के मझीगांवा गांव में शुक्रवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से दो गायों की मौत हो गई। इस घटना से पशुपालक को हजारों रुपये की आर्थिक क्षति हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, मझीगांवा गांव निवासी जय कुमार यादव उर्फ लोहा यादव, पिता स्वर्गीय लगेश्वर यादव, प्रतिदिन की तरह शुक्रवार सुबह अपनी गायों को चराने के लिए गांव के दक्षिण बाधार में लेकर गए थे। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। बादलों की तेज गर्जना के बीच आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आकर दोनों गायों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के समय पशुपालक गायों से करीब 200 मीटर दूर मौजूद थे। तेज बारिश और बिजली कड़कने के कारण वह सुरक्षित स्थान की ओर चले गए थे। इसी बीच बिजली गिरने की तेज आवाज सुनकर जब वह मौके पर पहुंचे तो दोनों गाय मृत अवस्था में पड़ी थीं।
आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और घटना की जानकारी स्थानीय प्रशासन को दी गई। ग्रामीणों ने बताया कि मृत गायें परिवार की आजीविका का मुख्य साधन थीं। अचानक हुई इस घटना से परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित पशुपालक को उचित मुआवजा की मांग की है|


रिपोर्टर