भाजपा के प्रशिक्षण महाअभियान के दूसरे दिन पांच सत्रों में कार्यकर्ताओं को मिला संगठन और राष्ट्र निर्माण का मंत्र

संदीप कुमार की रिपोर्ट 

बक्सर:-- भारतीय जनता पार्टी के प्रशिक्षण महाअभियान "पंडित दीनदयाल उपाध्याय 2026" के दूसरे चरण के दूसरे दिन रविवार को बक्सर के बगीचा लॉन में प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन विधान पार्षद निवेदिता सिंह के मार्गदर्शन में हुआ, जिसमें पांच विभिन्न सत्रों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन, मीडिया, सोशल मीडिया और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद भाजपा बिहार के संगठन महामंत्री भीखुभाई दलसानिया, विधान पार्षद निवेदिता सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष रंजन राय तथा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। पहले सत्र में संगठन महामंत्री भीखुभाई दलसानिया ने "कार्यकर्ता विकास, गुण, आचरण एवं अपेक्षाएं" विषय पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं के व्यवहार, समर्पण और अनुशासन पर निर्भर करती है। दूसरे सत्र में प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष रंजन राय ने "मीडिया विमर्श" विषय पर विस्तार से चर्चा की और बदलते मीडिया परिदृश्य में कार्यकर्ताओं की भूमिका पर प्रकाश डाला।

तीसरे सत्र में शिव नारायण पांडेय ने "सोशल मीडिया, नई तकनीक, एआई, प्रभावी सूचना तंत्र एवं संगठन के लिए सकारात्मक वातावरण निर्माण" विषय पर प्रशिक्षण दिया। उन्होंने डिजिटल युग में तकनीक के प्रभावी उपयोग की आवश्यकता बताई। चौथे सत्र में राजेंद्र भंडारी ने "विचार परिवार" विषय पर व्याख्यान देते हुए भाजपा की वैचारिक पृष्ठभूमि और संगठनात्मक मूल्यों की जानकारी दी। पांचवें एवं अंतिम सत्र में बिहार सरकार की मंत्री श्रेयसी सिंह ने "समाधान, समारोह एवं राष्ट्रगान" विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक ऐसी पार्टी है जिसके कार्यकर्ताओं में राष्ट्रभक्ति और देश के प्रति समर्पण की भावना कूट-कूट कर भरी हुई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "मन की बात" कार्यक्रम का भी सामूहिक श्रवण किया गया, जिसे कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सुना। प्रशिक्षण महाअभियान में वर्ग प्रमुख की भूमिका जिला उपाध्यक्ष निर्भय राय ने निभाई। समापन सत्र की अध्यक्षता सदर विधायक आनंद मिश्रा ने की। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी, पूर्व जिलाध्यक्ष, वरिष्ठ नेता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट