कैमूर के रामगढ़ में दर्दनाक हादसा, ट्रैक्टर की चपेट में आने से 12 वर्षीय किशोर की मौत

ब्यूरो चीफ संदीप कुमार की रिपोर्ट 

कैमूर:-- जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के नरहन गांव के समीप लिंक सड़क पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 12 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। मृतक की पहचान नरहन गांव निवासी संजय कुशवाहा के 12 वर्षीय पुत्र लक्ष्य कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार लक्ष्य कुमार अपनी साइकिल से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान लिंक सड़क पर एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आ गए, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।


हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। वहीं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गोपाल कृष्ण भी घटनास्थल पर पहुंचे तथा परिजनों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। स्थानीय विधायक ने भी मौके पर पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। रामगढ़ थाना अध्यक्ष हरिप्रसाद शर्मा ने फोन पर जानकारी देते हुए बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट