भाजपा जिला अध्यक्ष ने उठाई मांग, भोजपुर-सिमरी पथ का नाम हो कैलाशपति मिश्र के नाम पर

पटना/भोजपुर। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने बुधवार को पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र से पटना स्थित मंत्रालय में मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने पटना-बक्सर हाईवे से जुड़ी भोजपुर-सिमरी सड़क का नाम भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं "भाजपा के भीष्म पितामह" कहे जाने वाले श्रद्धेय कैलाशपति मिश्र के नाम पर रखने की मांग की। ज्ञापन में बताया गया है कि पटना-बक्सर हाईवे से जुड़ा भोजपुर-सिमरी पथ पथ निर्माण विभाग के अधीन है। इस सड़क का विस्तार बड़का राजपुर, छोटका राजपुर, केशोपुर, बड़कागांव, मानसिंह पट्टी और दुधारचक होते हुए पडरी मोड़ तक किया जाए तो यह मार्ग पुनः पटना-बक्सर हाईवे से जुड़ जाएगा। प्रस्तावित मार्ग का लगभग 60 प्रतिशत हिस्सा पथ निर्माण विभाग तथा 40 प्रतिशत हिस्सा ग्रामीण सड़क अभियंत्रण विभाग के अंतर्गत आता है। ओमप्रकाश भुवन ने कहा कि इस सड़क के विकास से बड़ी आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। यह मार्ग बिहार के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए भी आवागमन का महत्वपूर्ण साधन बन सकता है। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित मार्ग पर स्थित दुधारचक गांव श्रद्धेय कैलाशपति मिश्र का पैतृक गांव है, जिससे इस सड़क का उनके नाम पर नामकरण किए जाने का विशेष महत्व है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि छोटका राजपुर स्थित ब्रह्म विद्यालय राष्ट्रीय स्तर का आध्यात्मिक केंद्र है, जहां वर्षभर देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालुओं और लोगों का आगमन होता है। सड़क के विकास और नामकरण से क्षेत्र की पहचान को नई मजबूती मिलेगी तथा धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। भाजपा जिला अध्यक्ष ने मंत्री से मांग पर सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट