तरियानी में गहरे गड्ढे में गिरा अनियंत्रित टेम्पू, 45 वर्षीय यात्री की मौत
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jun 10, 2026
- 7 views
ब्यूरो चीफ अंकित कुमार की रिपोर्ट
शिवहर--- जिले के तरियानी थाना क्षेत्र अंतर्गत छतौनी पंचायत स्थित विशहर स्थान के समीप आज एक दुखद सड़क हादसे में 45 वर्षीय मौजे पासवान की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वृन्दावन साहू टोली निवासी स्व. नथुनी पासवान के पुत्र मौजे पासवान टेम्पू पर सवार थे, तभी विशहर स्थान के पास एक तीखे मोड़ पर चालक नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित होकर टेम्पू सड़क किनारे करीब 10 फीट गहरे गड्ढे में पलट गया, जिससे मौजे पासवान गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तरियानी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में मौत की पुष्टि होते ही परिजनों में कोहराम मच गया और अस्पताल परिसर में काफी हंगामा हुआ। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यदि समय रहते एम्बुलेंस उपलब्ध होती और उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया होता, तो शायद उनकी जान बचाई जा सकती थी। अस्पताल में संसाधनों की कमी और एम्बुलेंस की अनुपलब्धता ने परिजनों के आक्रोश को और बढ़ा दिया।
वही तरियानी थाना अध्यक्ष विनय प्रसाद ने बताया कि ,सूचना मिलते ही हम लोग दलबल के साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तरियानी पहुंचे, वही स्थिति को नियंत्रण के हल्ला हंगामा शांत कराया गया। और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शिवहर भेज दिया गया।


रिपोर्टर