पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव का 79वां जन्मदिन मनाया गया धूमधाम से

बासठपुर चौक पर केक काटकर कार्यकर्ताओं को कराया गया दही-चूड़ा भोज

ब्यूरो चीफ अंकित कुमार की रिपोर्ट 

शिवहर--- राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव का 79वां जन्मदिन गुरुवार को शिवहर जिले के तरियानी प्रखंड अंतर्गत बासठपुर चौक पर बड़े ही हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन सामाजिक कार्यकर्ता धीरेंद्र कुमार बिराना के नेतृत्व में किया गया, जहां राजद नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने केक काटकर लालू प्रसाद यादव के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

इस अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि लालू प्रसाद यादव ने अपने राजनीतिक जीवन में गरीबों, किसानों, मजदूरों, दलितों, पिछड़ों एवं वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से उठाया। उन्होंने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को सम्मान और राजनीतिक भागीदारी दिलाने का कार्य किया। सामाजिक न्याय की राजनीति को नई दिशा देने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

वक्ताओं ने कहा कि लालू प्रसाद यादव केवल एक राजनीतिक नेता नहीं, बल्कि करोड़ों गरीब और वंचित लोगों की उम्मीद और विश्वास के प्रतीक हैं। उन्होंने अपने संघर्ष और नेतृत्व के बल पर समाज के कमजोर वर्गों को मुख्यधारा में लाने का प्रयास किया तथा सामाजिक समरसता और भाईचारे को मजबूत करने का कार्य किया। उनके विचार और संघर्ष आज भी युवाओं एवं कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

समारोह में पूर्व विधायक संजय गुप्ता, राजद जिला अध्यक्ष शिवचंद्र पासवान, रामानंद राय, खुशनंदन यादव, विनोद यादव, सुरेंद्र यादव, अरविंद यादव, संजय सिंह, रामचंद्र गुप्ता, मधुकर जी, अशरफ अली, नौशाद जी, अनिल यादव सहित बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

जन्मदिन समारोह के दौरान कार्यकर्ताओं और आम लोगों के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम के उपरांत सभी उपस्थित लोगों के लिए पारंपरिक दही-चूड़ा भोज का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते हुए लालू प्रसाद यादव के स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घ जीवन की कामना की।

कार्यक्रम के अंत में नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने सामाजिक न्याय, भाईचारे और जनसेवा के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि लालू प्रसाद यादव द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलकर समाज के कमजोर वर्गों की आवाज को और मजबूत किया जाएगा।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट