देशसेवा के लिए सर्वश्रेष्ठ युवाओं की तलाश, गया में सेना भर्ती प्रमुख का विशेष संवाद

ब्यूरो चीफ प्रेम कुमार की रिपोर्ट 

गया जी-- भारतीय सेना के महानिदेशक भर्ती लेफ्टिनेंट जनरल आर. एस. सुंदरम, सेना मेडल, विशिष्ट सेवा मेडल ने सेना भर्ती कार्यालय (ARO) गया जी का दौरा कर भर्ती प्रक्रियाओं एवं विभिन्न पहलों की समीक्षा की। इस अवसर पर उनका स्वागत कर्नल आर. मदन मोहन, निदेशक सेना भर्ती ने किया। दौरे के दौरान उन्होंने पारदर्शी, प्रभावी एवं अभ्यर्थी-अनुकूल भर्ती प्रणाली सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों का जायजा लिया।

एआरओ गया जी पहुंचने पर लेफ्टिनेंट जनरल सुंदरम ने कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर वर्तमान भर्ती प्रक्रियाओं की समीक्षा की। उन्होंने दक्षिण बिहार के 11 जिलों में भर्ती गतिविधियों के सफल संचालन हेतु अधिकारियों एवं कर्मचारियों की व्यावसायिक दक्षता, समर्पण एवं प्रतिबद्धता की सराहना की।

अपने दौरे के दौरान महानिदेशक भर्ती ने ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (OTA) गया जी के कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल संदीप सिंह, अति विशिष्ट सेवा मेडल से भी मुलाकात की। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न अधिकारी प्रवेश योजनाओं तथा भविष्य के सैन्य नेतृत्व को तैयार करने के लिए अकादमी द्वारा अपनाए जा रहे उपायों पर विस्तृत चर्चा की।

महानिदेशक भर्ती ने अकादमी के जेंटलमैन कैडेट्स एवं प्रशिक्षकों के साथ भी संवाद किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारी चयन प्रणाली, लिखित परीक्षाओं एवं सेवा चयन बोर्ड (SSB) प्रक्रिया से जुड़े उनके अनुभवों, चुनौतियों, प्रेरणाओं एवं आकांक्षाओं की जानकारी प्राप्त की।

यह संवाद युवाओं की अपेक्षाओं को समझने, वर्तमान अधिकारी चयन प्रणाली एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों की प्रभावशीलता का आकलन करने तथा भर्ती व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं बेहतर बनाने की संभावनाओं को पहचानने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा।

अपने संबोधन में लेफ्टिनेंट जनरल आर. एस. सुंदरम ने कहा कि भारतीय सेना के लिए अधिकारियों एवं अग्निवीरों के चयन हेतु निष्पक्ष, पारदर्शी और तकनीक आधारित भर्ती प्रक्रिया अत्यंत आवश्यक है। इससे देश के प्रतिभाशाली, योग्य एवं प्रेरित युवाओं को भारतीय सेना में शामिल होकर राष्ट्र सेवा करने का अवसर प्राप्त होगा।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट