16 किलोमीटर की दौड़ में एक साथ 11 महिला प्रशिक्षुओं की तबीयत बिगड़ी
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jun 14, 2026
- 4 views
रोहतास ।जिले के डेहरी ऑन सोन में बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (बीएसएपी-2) कैंप में महिला पुलिस बल के प्रशिक्षण के दौरान 16 किलोमीटर की दौड़ में एक साथ 11 महिला प्रशिक्षुओं की तबीयत बिगड़ गई। दौड़ के बीच कई प्रशिक्षुओं को अचानक चक्कर आने लगे, पेट में तेज दर्द, घबराहट और सांस लेने में दिक्कत की शिकायत हुई। देखते ही देखते कुछ प्रशिक्षु बेहोश होकर गिर पड़ीं। मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मियों ने स्थिति को संभालते हुए सभी प्रभावित प्रशिक्षुओं को एंबुलेंस के माध्यम से अनुमंडलीय अस्पताल डेहरी पहुंचाया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया। बेहोश हुई महिला प्रशिक्षुओं में से चार को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सासाराम और नारायण मेडिकल कॉलेज अस्पताल, जमुहार रेफर किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, तेज धूप के कारण प्रशिक्षुओं की तबीयत बिगड़ी है। जानकारी के आनुसार, इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में बिहार के विभिन्न जिलों से कुल 1358 महिला प्रशिक्षु ने हिस्सा लिया हैं, जिन्हें निर्धारित शारीरिक प्रशिक्षण के तहत 16 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी थी।


रिपोर्टर