जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने जन आरोग्य मेले एवं विकास खंड रामपुर का किया अवलोकन
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Jun 15, 2026
- 29 views
रामपुर, जौनपुर। केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकास खंड रामपुर परिसर में आयोजित जन आरोग्य मेले का जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. एवं मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया ने अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी मड़ियाहूं नवीन कुमार, खंड विकास अधिकारी अभिनव सरोज सहित स्वास्थ्य विभाग, बाल विकास परियोजना, शिक्षा विभाग, पशुपालन विभाग एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं के संचालन एवं लाभार्थियों को प्रदान किए जा रहे लाभों की जानकारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी को दी।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में ज्ञान्ता देवी, त्रिभुवन, अंजली, शीला देवी एवं विकास को आयुष्मान भारत कार्ड वितरित किए गए। वहीं राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत निःक्षय पोषण योजना के तहत टीबी रोगी फ़लक शेख को पोषण पोटली प्रदान की गई।
बाल विकास परियोजना विभाग के अंतर्गत प्रदीप कुमार (आयु 07 माह) एवं काव्या (आयु 06 माह) का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया। इसके अलावा पशुपालन विभाग द्वारा रामपुर बाजार निवासी त्रिभुवन गौड़ को पशु किट वितरित की गई।
इसके उपरांत जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने विकास खंड रामपुर परिसर का निरीक्षण किया तथा विकास खंड के आईएसओ प्रमाणीकरण हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए तथा विभागीय कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से संचालित किया जाए।
जन आरोग्य मेले में विभिन्न विभागों द्वारा आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई तथा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।


रिपोर्टर