सुहागन वाटिका परिसर में खड़ी मैजिक पिकअप से बैटरी चोरी, पीड़ित ने थाने में दिया आवेदन
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jun 16, 2026
- 3 views
संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट
कुदरा (कैमूर)। कुदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सुहागन वाटिका परिसर में खड़ी एक मैजिक पिकअप गाड़ी से अज्ञात चोरों द्वारा बैटरी चोरी किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। घटना को लेकर वाहन मालिक ने कुदरा थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहन मालिक बब्बन गुप्ता ने बताया कि उनकी मैजिक पिकअप गाड़ी (रजिस्ट्रेशन संख्या UP39UB5719) को रविवार को सुहागन वाटिका परिसर में खड़ा किया गया था। सोमवार को जब वह गाड़ी लेने पहुंचे और दिनांक 16 जून 2026 की शाम करीब 4 बजे वाहन को स्टार्ट करने का प्रयास किया, तो गाड़ी चालू नहीं हुई।
काफी प्रयास के बाद जब उन्होंने जांच की तो पाया कि बैटरी बॉक्स का ताला तोड़कर अज्ञात चोर बैटरी चोरी कर ले गए हैं। इसके बाद उन्होंने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन बैटरी का कोई पता नहीं चल सका। तब उन्होंने कुदरा थाना पहुंचकर लिखित आवेदन देकर मामले की जानकारी पुलिस को दी।
बताया जाता है कि सुहागन वाटिका परिसर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन खड़े रहते हैं। ऐसे में चोरी की इस घटना ने वाहन मालिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में रात के समय सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की आवश्यकता है ताकि इस प्रकार की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
कुदरा थाना पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है तथा अज्ञात चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जाएगी ताकि चोरी की घटना में शामिल लोगों तक पहुंचा जा सके।


रिपोर्टर