करमचट पुलिस ने किया अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, जीजा-साला गिरफ्तार

चार चोरी की मोटरसाइकिल बरामद, वाराणसी-चंदौली से चोरी कर कैमूर में बेचते थे पुर्जे



रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट 






रामपुर/कैमूर:-- जिले के करमचट थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान चोरी की चार मोटरसाइकिल बरामद करते हुए जीजा-साला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के वाहनों के खरीददारों की तलाश जारी है।

करमचट थाना अध्यक्ष पंकज कुमार पासवान ने बताया कि शुक्रवार को अदमापुर मोड़ के समीप नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर संदिग्ध रूप से भागने लगे। पुलिस टीम ने तत्काल उनका पीछा किया और करीब 200 मीटर की दूरी पर दोनों को पकड़ लिया।

पकड़े गए युवकों की पहचान रूपपुर गांव निवासी 21 वर्षीय रफीक सिद्दीकी तथा अमाव गांव निवासी 26 वर्षीय रियासत सिद्दीकी के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान पता चला कि दोनों आपस में जीजा-साला हैं। पुलिस द्वारा जब उनके कब्जे से बरामद पल्सर और अपाचे मोटरसाइकिल की जांच की गई तो दोनों वाहन उत्तर प्रदेश के वाराणसी और चंदौली जिले से चोरी किए गए पाए गए।

गहन पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अमाव गांव स्थित रियासत सिद्दीकी के घर में छापेमारी की। वहां से एक होंडा शाइन मोटरसाइकिल तथा पार्ट्स में खोली गई एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई। इस प्रकार पुलिस ने कुल चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद करने में सफलता प्राप्त की।

थानाध्यक्ष ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे उत्तर प्रदेश के वाराणसी, मुगलसराय और चंदौली क्षेत्रों से मास्टर चाबी की मदद से मोटरसाइकिल चोरी करते थे। चोरी के बाद वाहनों को कैमूर लाकर उनके पुर्जे अलग-अलग कर दिए जाते थे और फिर स्थानीय ग्राहकों को बेच दिया जाता था। इस तरीके से वे लंबे समय से अवैध कारोबार संचालित कर रहे थे।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी रफीक सिद्दीकी पूर्व में भी मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले में जेल जा चुका है। इसके बावजूद वह चोरी की घटनाओं में लगातार संलिप्त रहा।

करमचट थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भभुआ जेल भेज दिया है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों, चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों तथा पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट