कुदरा में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का भव्य आयोजन, सांसद मनोज राम ने किया उद्घाटन
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jun 21, 2026
- 2 views
रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट
कुदरा (कैमूर)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कैमूर जिले के कुदरा स्थित पाराडाइज स्कूल परिसर में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों, विद्यार्थियों एवं समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योग महोत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद मनोज राम ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
अपने संबोधन में सांसद मनोज राम ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ बनाती है। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना समय की आवश्यकता है। नियमित योगाभ्यास से अनेक बीमारियों से बचाव संभव है तथा व्यक्ति तनावमुक्त जीवन जी सकता है।
कार्यक्रम में योग गुरु अवध नारायण चौबे ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का प्रदर्शन करते हुए उनके लाभों की विस्तार से जानकारी दी। उनके निर्देशन में उपस्थित लोगों एवं बच्चों ने विभिन्न योगासन किए और उन्हें बारीकी से सीखने का प्रयास किया। योग गुरु ने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन शांत और जीवन संतुलित रहता है।
इस अवसर पर पाराडाइज स्कूल के निदेशक संतोष कुमार सिंह, पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष उपेंद्र प्रताप सिंह, लोजपा जिला अध्यक्ष गजेंद्र गुप्ता, कार्यपालक पदाधिकारी उजाली राज, अनुराधा रस्तोगी सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
योग महोत्सव के दौरान बच्चों एवं युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। प्रतिभागियों ने योग के महत्व को समझते हुए इसे अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करना था। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए योग को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।


रिपोर्टर