मोहर्रम के त्यौहार को लेकर दुर्गावती में शांति समिति की बैठक आयोजित
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jun 23, 2026
- 11 views
दुर्गावती संवाददाता पिन्टु तिवारी की रिपोर्ट
दुर्गावती/कैमूर। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराने के उद्देश्य से दुर्गावती थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अंचलाधिकारी दुर्गावती सदानंद कुमार एवं थाना अध्यक्ष दुर्गावती गिरीश कुमार ने संयुक्त रूप से की। बैठक में विभिन्न समुदायों के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा मोहर्रम कमेटियों के सदस्यों ने भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि मोहर्रम आस्था और श्रद्धा का पर्व है, जिसे आपसी भाईचारे एवं सामाजिक समरसता के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने उपस्थित लोगों से प्रशासन का सहयोग करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसलिए किसी भी सूचना की सत्यता की पुष्टि किए बिना उसे आगे प्रसारित न करें।
बैठक में ताजिया जुलूस के निर्धारित मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, साफ-सफाई, पेयजल एवं बिजली व्यवस्था सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासन की ओर से बताया गया कि जुलूस के दौरान संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। सीसीटीवी कैमरों एवं गश्ती दलों के माध्यम से भी निगरानी की व्यवस्था रहेगी।
शांति समिति के सदस्यों ने भी अपने सुझाव रखते हुए पर्व के दौरान आपसी सौहार्द बनाए रखने और युवाओं को अनुशासित रहने के लिए प्रेरित करने की बात कही। उन्होंने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
बैठक के अंत में अधिकारियों ने कहा कि सभी मोहर्रम समितियां प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी प्रकार की समस्या या सूचना होने पर तत्काल स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस को अवगत कराएं, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके।


रिपोर्टर