दो माह में इलाज के दौरान मौत
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jun 24, 2026
- 14 views
रोहतास। जिले के विक्रमगंज थाना 16 अप्रैल 2026 को बिक्रमगंज थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे के पीड़ित सुदामा सिंह ने करीब दो महीने तक जिंदगी और मौत से संघर्ष करने के बाद इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उनकी मौत के बाद अब यह मामला केवल सड़क दुर्घटना तक सीमित नहीं रह गया है बल्कि पुलिस की कार्यशैली और कथित लेन-देन के आरोपों को लेकर गंभीर सवाल भी खड़े होने लगे हैं।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, धावा गांव निवासी सुदामा सिंह 16 अप्रैल को अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान BR-24 AN-1100 नंबर की एक सफारी गाड़ी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इस मामले में बिक्रमगंज थाना में कांड संख्या 276/26 दर्ज किया गया। करीब 60 दिनों तक चले इलाज के बाद उनकी मौत हो गई।
70 दिन बाद भी आरोपी गिरफ्त से बाहर
घटना को करीब 60 दिनों से अधिक समय बीत चुका है लेकिन परिजनों का आरोप है कि नामजद आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से स्थानीय लोगों में आक्रोश है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
मृतक के भाई मनोज कुमार ने लगाए गंभीर आरोप
मृतक सुदामा सिंह के भाई मनोज कुमार ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मामले में कथित रूप से पैसों का लेन-देन हुआ, जिसके कारण आरोपी के खिलाफ अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
मनोज कुमार का आरोप है कि शहर के एक चर्चित बिचौलिये गुड्डू भट्ट के माध्यम से करीब 5 लाख रुपये के कथित लेन-देन के जरिए मामले को मैनेज करने की कोशिश की गई। उनका कहना है कि घटना के इतने दिन बाद भी मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होना इन आरोपों को और संदेह के दायरे में मजबूत करता है।
निष्पक्ष जांच की मांग
सुधामा सिंह की मौत के बाद यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। मृतक के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने रोहतास के पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, कथित पैसों के लेन-देन के आरोपों की स्वतंत्र जांच कराने तथा नामजद आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की है।
परिजनों का कहना है कि यदि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाती है तो सच्चाई सामने आएगी और दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई हो सकेगी।


रिपोर्टर