खासमहल भूमि को फ्री-होल्ड करने की मांग तेज, अगस्त के बाद पटना में होगी बड़ी बैठक
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jun 26, 2026
- 1 views
संवाददाता पारस नाथ दुबे
डेहरी-आन-सोन। बिहार के डेहरी समेत लगभग 12 जिलों में वर्षों से लंबित खासमहल भूमि की समस्या के समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। भाजपा नेता सह कैट व चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष बबल कश्यप ने राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल से मुलाकात कर जमीन को फ्री-होल्ड करने की मांग की और लिखित ज्ञापन सौंपा।
12 पत्थर के 50 हजार लोग प्रभावित
ज्ञापन में बताया गया कि अकेले डेहरी के '12 पत्थर' इलाके में करीब 50 हजार से अधिक आबादी खासमहल भूमि की जटिलताओं से प्रभावित है। मालिकाना हक न मिलने के कारण लोग न स्थायी निर्माण करा पा रहे हैं और न ही जमीन पर वास्तविक अधिकार मिल रहा है।
मंत्री ने दिया बैठक का आश्वासन
राजस्व मंत्री दिलीप जायसवाल ने मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि अगस्त के बाद पटना में बिहार के लगभग 100 खासमहल भूमि मालिकों व प्रतिनिधियों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक होगी।
बाजार मूल्य का कुछ प्रतिशत देकर मिलेगा मालिकाना हक
मंत्री ने संकेत दिया कि सरकार बाजार मूल्य की एक निश्चित फीसदी रकम जमा कराकर मालिकाना हक देने पर विचार कर रही है। इससे दशकों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान निकल सकेगा और सरकार के राजस्व में भी वृद्धि होगी।
इस आश्वासन के बाद डेहरी समेत प्रभावित जिलों के निवासियों और व्यापारी वर्ग में नई उम्मीद जगी है।


रिपोर्टर