मुहर्रम के ताजिया जुलूस में धमाका, दो गंभीर घायल; गोली या पटाखा, जांच में जुटी पुलिस

रिपोर्ट संदिप कुमार


कैमूर:-- जिले के मोहनियां थाना क्षेत्र अंतर्गत स्टूवरगंज में मुहर्रम के ताजिया जुलूस के दौरान अचानक हुए धमाके से अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में कुंदन सेठ एवं मुस्कान खातून गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

घटना के बाद परिजनों ने आरोप लगाया कि घायलों को गोली या छर्रा लगा है। हालांकि पुलिस की शुरुआती जांच में मामला पटाखे से जुड़ी दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।

सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी सक्रिय हो गए। एसडीएम एवं एसडीपीओ अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराने का निर्देश दिया है।

पुलिस का कहना है कि घटना के हर पहलू की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह गोली चलने की घटना थी या पटाखे के कारण हुआ हादसा। फिलहाल इलाके में शांति व्यवस्था कायम है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट