हथियार के साथ रील बनाने वाला युवक गिरफ्तार, वीडियो में दिखी बाइक भी जब्त
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jun 30, 2026
- 2 views
संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट
कैमूर:-- सोशल मीडिया पर हथियार लेकर रील बनाकर वायरल करने के मामले में, कैमूर जिला अंतर्गत मोहनियां थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वायरल वीडियो में दिखाई दे रही बाइक को भी जब्त कर लिया है। वहीं हथियार की बरामदगी के लिए आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहनियां थाना क्षेत्र के भोखरी गांव निवासी नंद यादव के पुत्र विवेक यादव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार 26 जून को विवेक यादव द्वारा हथियार के साथ रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया था। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की पहचान की।
मंगलवार की दोपहर पुलिस ने आरोपी को उसके घर से हिरासत में लेकर मोहनिया थाना पहुंचाया। साथ ही वायरल वीडियो में दिखाई दे रही बाइक को भी जब्त कर लिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो में दिखाई देने वाला हथियार कहां से लाया गया था।
इस संबंध में मोहनिया थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर हथियार लहराने के वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया गया है। वीडियो में दिख रही बाइक को जब्त कर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और हथियार की बरामदगी के लिए लगातार प्रयास जारी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही हथियार भी बरामद कर लिया जाएगा तथा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


रिपोर्टर