स्थायी लोक अदालत से विवादों का त्वरित निपटाराः शिवहर के एडीआर भवन में हुई महत्वपूर्ण बैठक
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jul 01, 2026
- 11 views
ब्यूरो चीफ अंकित कुमार की रिपोर्ट
शिवहर-- जिला में स्थायी लोक अदालत के संचालन और मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक नालसा नई दिल्ली और बालसा पटना के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार, शिवहर के मार्गदर्शन में एडीआर भवन में हुई।
बैठक की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ललन कुमार रजक ने की। इसका मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक विवादों को स्थायी लोक अदालत में लाना और उन्हें सुलह-समझौते के माध्यम से तेजी से निपटाना था।
सचिव रजक ने इस बात पर जोर दिया कि स्थायी लोक अदालत वादकारी जनता के लिए एक सुगम मंच है। यहां बिना किसी खर्चीली और लंबी कानूनी प्रक्रिया के विवादों का स्थायी समाधान संभव है।
न्यायाधीश ललन कुमार रजक ने बताया कि स्थायी लोक अदालत मुख्य रूप से जनोपयोगी सेवाओं से संबंधित विवादों का निपटारा करती है। इनमें परिवहन, डाक, टेलीफोन, बिजली, पानी, सफाई व्यवस्था, अस्पताल, चिकित्सा, बीमा, शैक्षणिक संस्थान और आवास सेवाएं शामिल हैं।
बैठक में लीगल डिप्टी चीफ जया सिंह और पीएलबी मोहन कुमार भी उपस्थित थे। सचिव ने निर्देश दिया कि आम जनता को जागरूक किया जाए कि यदि उनका विवाद उपरोक्त जनोपयोगी सेवाओं से संबंधित है, तो वे सीधे स्थायी लोक अदालत का रुख कर सकते हैं, जहां मामले आपसी समझौते से निपटाए जाते हैं।


रिपोर्टर