सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दिव्यांगजनों हेतु आयोजित विशेष चिकित्सा प्रमाणपत्र शिविर में लोगों ने लिया भाग
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jul 01, 2026
- 111 views
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में आयोजित इस शिविर में करीब 200 आवेदन प्राप्त हुए हैं। शिविर का उद्देश्य दिव्यांगजनों को स्थानीय स्तर पर ही चिकित्सा जांच और प्रमाणपत्र की सुविधा उपलब्ध कराना
संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट
कैमूर---- जिले के कुदरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में बुधवार को दिव्यांगजनों के लिए विशेष चिकित्सा एवं प्रमाणपत्र शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में दिव्यांगजन अपने परिजनों के साथ पहुंचे और दिव्यांगता प्रमाणपत्र सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन जमा किए। दिनभर चले इस शिविर में लगभग 200 आवेदन प्राप्त हुए डॉ. रीता कुमारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी
शिविर की प्रभारी डॉ. रीता कुमारी ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों को एक ही स्थान पर चिकित्सकीय जांच, दिव्यांगता का आकलन और प्रमाणपत्र निर्माण की सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि सभी आवेदकों की निर्धारित मानकों के अनुरूप चिकित्सकीय जांच की जा रही है और आवश्यक दस्तावेजों की जांच के बाद पात्र लाभुकों के आवेदन को आगे की प्रक्रिया के लिए भेजा जाएगा।
शिविर में मौजूद चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने दिव्यांगजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा उन्हें सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। अधिकारियों के अनुसार, ऐसे शिविरों के आयोजन से दूर-दराज के क्षेत्रों के लोगों को जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ते और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही आवश्यक सेवाएं उपलब्ध हो जाती हैं।
शिविर में पहुंचे दिव्यांगजनों और उनके परिजनों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे समय और धन दोनों की बचत हुई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि प्राप्त सभी आवेदनों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन किया जाएगा, ताकि पात्र लाभार्थियों को समय पर दिव्यांगता प्रमाणपत्र एवं अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।


रिपोर्टर