डीएम ने सदर अस्पताल का निरीक्षण किया
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jul 01, 2026
- 2 views
रोहतास। जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्र ने बीते मंगलवार की देर शाम सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति तथा मरीजों को उपलब्ध करायी जा रही सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया। जिलाधिकारी ने विभिन्न वार्डों,ओपीडी, ट्रामा सेंटर, मातृ शिशु अस्तपाल सहित अन्य महत्वपूर्ण विभागों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में कार्यरत डॉक्टरों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति का भी सत्यापन कराया। जिलाधिकारी ने मरीजों से फीडबैक भी लिया।
उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देशित किया कि सभी आवश्यक स्वास्थ्य सेवायें मरीजों को समय पर उपलब्ध करायी जायें। उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाय तथा इलाज,जाँच,दवा वितरण एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं की जाय। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने कार्यालय एवं कार्यस्थल पर निर्धारित समय पर उपस्थित रहें तथा सरकार द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध,गुणवत्तापूर्ण और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में अनुशासन,पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए ऐसे औचक निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नगर निगम की टीम के साथ सदर अस्पताल परिसर में जलजमाव की समस्या का भी स्थलीय निरीक्षण किया। जलजमाव की समस्या के समाधान हेतु उन्होंने नगर आयुक्त,नगर निगम सासाराम को आवश्यक निर्देश दिये। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त विजय कुमार पाण्डेय तथा नगर आयुक्त,नगर निगम सासाराम सहित कई वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।


रिपोर्टर