रामपुर के भीतरीबांध पैक्स चुनाव में 66.19 प्रतिशत मतदान,देर रात चली मतगणना में पूर्व पैक्स अध्यक्ष निवर्तमान पैक्स अध्यक्ष को 196 मतों से हराया
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jul 05, 2026
- 121 views
संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट
कैमूर---- जिला के रामपुर प्रखंड अंतर्गत भीतरीबांध पैक्स चुनाव की मतगणना शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा और शांतिपूर्ण माहौल में 66.19 प्रतिशत मतदान के साथ संपन्न हुई। इसके बाद कड़ी सुरक्षा के बीच मतपेटियों को बेलांव पंचायत सरकार भवन स्थित वज्रगृह में रखा गया। शाम 7 बजे से प्रत्याशियों के उपस्थिति में मतों की गिनती 3 काउंटर पर शुरू हुई जो देर रात डेढ़ बजे तक शांतिपूर्ण और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई।देर रात करीब एक बजे भीतरीबांध पंचायत पैक्स चुनाव के घोषित परिणाम में पूर्व अध्यक्ष राजकमल सिंह ने निवर्तमान पैक्स अध्यक्ष मनोज कुमार जायसवाल को 196 मतों से पराजित कर पैक्स अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की।
निर्वाचन पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी अनु कुमारी ने विजयी प्रत्याशी को जीत का प्रमाण-पत्र सौंपा। घोषित परिणाम के अनुसार राजकमल सिंह को 775 मत प्राप्त हुए, जबकि मनोज कुमार जायसवाल को 579 मत मिले। तीसरे प्रत्याशी शत्रुघ्न यादव को 37 मत प्राप्त हुए। इसमें 60 मत रद्द हो गया। मतगणना का कार्य शुक्रवार शाम सात बजे शुरू हुआ। इसके लिए तीन टेबल बनाए गए थे और प्रत्येक टेबल पर चार-चार कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। करमचट थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान, बेलाव प्रभारी थानाध्यक्ष रोमा कुमारी समेत पुलिस लाइन से आए जवान पूरे समय तैनात रहे। मतगणना स्थल तक आम लोगों के प्रवेश पर रोक थी। इसके लिए ड्रॉप गेट बनाया गया था, जहां मजिस्ट्रेट के रूप में मनरेगा पीओ शिव कुमार भारती की तैनाती की गई थी। देर रात तक मतगणना निर्बाध रूप से चल सके, इसके लिए बिजली एवं प्रकाश की भी समुचित व्यवस्था की गई थी। परिणाम की घोषणा तक सभी प्रत्याशियों के समर्थक पंचायत सरकार भवन के बाहर और मुख्य सड़क पर डटे रहे। जैसे ही राजकमल सिंह की जीत की घोषणा हुई, उनके समर्थकों ने उत्साह बढ़ गया और जीत का प्रमाण लेकर समर्थकों के बीच राजकमल सिंह के पहुंचते ही माला पहना कर बधाई और शुभकामनाएं दिया। अध्यक्ष को माला पहनाने और सेल्फी लेने के लिए होड़ मच गया।मिठाई खिलाया, बेलांव बाजार जयकारों और जीत के नारों से गूंज उठा। वहीं, पराजित प्रत्याशी और उनके समर्थक शांतिपूर्वक मतगणना स्थल से वापस लौट गए। प्रशासन की सतर्कता के बीच पूरी मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।


रिपोर्टर