भभुआं से लापता महिला मोहनियां में बंद मकान से बेहोशी की हालत में बरामद
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jul 05, 2026
- 181 views
तीन जुलाई को बाजार करने के दौरान रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हुई महिला को पुलिस ने एमपी कॉलेज के पीछे से किया रेस्क्यू
महिला ने पिता को फोन कर कहा मेरा अपहरण हो गया है,पुलिस करीब 12 घंटे तक मोहनिया वार्ड 10 और 11 में करीब 100 से अधिक घरों की की तलाशी
लोकेशन के आधार पर झाड़ियों और सड़कों पर दौड़ लगाती रही कैमूर पुलिस
रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट
कैमूर---- भभुआं थाना क्षेत्र के पूरब पोखरा के पास से बीते तीन जुलाई को बाजार करने के दौरान लापता हुई एक महिला को पुलिस ने मोहनिया थाना क्षेत्र से बरामद कर लिया है। महिला मोहनिया के एमपी कॉलेज के पीछे एक सुनसान और बंद मकान में बेहोशी की हालत में पाई गई। इसको खोजने के लिए मोहनियां भभुआं और डीआईयू की टीम कई घंटा से लगातार उसके टावर लोकेशन के आधार पर सर्च अभियान चला रही थी तब जाकर उसकी हुई बरामदगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोनहन थाना क्षेत्र के पंचगांवा गांव निवासी निर्मल बिंद की पुत्री तेतरा देवी तीन जुलाई को भभुआ बाजार में खरीदारी करने और बैंक खाता चेक कराने आई थीं। इसके बाद वे अचानक रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गईं। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन करने के बाद जब उनका कोई सुराग नहीं मिला, तो भभुआ थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी अनुसंधान और खुफिया सूचना के आधार पर मोहनियां थाना क्षेत्र के एमपी कॉलेज के पीछे एक सुनसान मकान में छापेमारी की, जहां से महिला को सकुशल लेकिन अचेत अवस्था में बरामद किया गया।
स्थानीय पुलिस और परिजनों की मदद से पीड़ित महिला को तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल मोहनियां में भर्ती कराया गया।
अस्पताल के चिकित्सक डॉ. आनंद ने बताया कि महिला को बेहोशी की हालत में लाया गया था। प्राथमिक उपचार देने के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें तुरंत हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच में जुट गई है कि महिला वहां कैसे पहुंची और उनके बेहोश होने के पीछे क्या कारण हैं।
भभुआं थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया एक महिला के गायब होने की प्राथमिकी थाने में दर्ज कराई गई थी। वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर महिला को मोहनिया थाना क्षेत्र के एमपी कॉलेज के पीछे एक बंद मकान से बरामद किया गया है। महिला फिलहाल अचेत अवस्था में है इसका इलाज कराया जा रहा है। महिला खतरे से बाहर है। वह महिला के होश में आने के बाद ही पूरा मामला साफ हो पाएगा।


रिपोर्टर