मोहनिया टोल प्लाजा पर अवैध वसूली का खुलासा, 4 सैप जवान समेत 9 गिरफ्तार
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jul 07, 2026
- 3 views
रिपोर्ट संदिप कुमार
छापेमारी में ₹57,760 नकद और 9 मोबाइल बरामद, ट्रक चालकों ने लगाया जबरन वसूली का आरोप
कैमूर:-- मोहनिया टोल प्लाजा के समीप परिवहन जांच चौकी पर अवैध वसूली के मामले में कैमूर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार सैप जवान समेत कुल नौ लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में चार सैप जवान और पांच आम नागरिक (सिविलियंस) शामिल हैं। पुलिस ने मौके से 57,760 रुपये नकद और नौ मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, 6 जुलाई 2026 को मोहनिया थाना को सूचना मिली थी कि मोहनिया टोल प्लाजा पर प्रतिनियुक्त सैप के जवान कुछ सिविलियंस के साथ मिलकर ट्रकों से अवैध वसूली कर रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तत्काल एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
गठित टीम ने परिवहन विभाग के वाहन जांच केंद्र के समीप छापेमारी की, जहां बनारस जाने और आने वाली लेन में बनी दो झोपड़ियों में सैप जवान तैनात मिले। जांच के दौरान दोनों स्थानों पर कुछ सिविलियंस के साथ मिलकर ट्रकों से अवैध रूप से पैसे वसूलते हुए लोगों को पकड़ा गया।
पुलिस की पूछताछ में आरोपित कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। वहीं मौके पर मौजूद ट्रक चालकों ने बताया कि उनसे जबरन रुपये वसूले जा रहे थे, लेकिन इसके बदले न तो कोई जुर्माना रसीद दी जा रही थी और न ही वहां कोई चालान मशीन उपलब्ध थी।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दोनों स्थलों से कुल 57,760 रुपये नकद तथा 9 मोबाइल फोन बरामद किए। मामले में संलिप्त सभी 9 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


रिपोर्टर