स्कॉर्पियो से चार पशु बरामद, तस्कर फरार


दुर्गावती/कैमूर:-- गुप्त सूचना के आधार पर दुर्गावती पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्कॉर्पियो वाहन से चार पशुओं को बरामद किया है। हालांकि पुलिस को देखकर तस्कर भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।


जानकारी के अनुसार, 07.07.2026 को सुबह करीब 06:15 बजे सूचना मिली कि उत्तर प्रदेश की ओर से एक चारपहिया वाहन में पशुओं को लादकर तस्कर मोहनियां की तरफ जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें थानाध्यक्ष दुर्गावती गिरीश कुमार, पु.अ.नि. संजय कुमार यादव, पु.अ.नि. योगेन्द्र कुमार एवं स.अ.नि. धनंजय कुमार शामिल थे।


गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महमूदगंज स्थित NH-19 पर वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान स्लेटी रंग की एक स्कॉर्पियो (रजिस्ट्रेशन संख्या MH04CD0680) तेज गति से रेलवे लाइन की ओर भागने लगी। पुलिस ने पीछा कर वाहन को पकड़ लिया, लेकिन वाहन में सवार तस्कर भीड़ का लाभ उठाकर फरार हो गए।


वाहन की तलाशी लेने पर उसमें चार पशुओं को क्रूरतापूर्वक बांधकर रखा गया था। पुलिस ने सभी पशुओं को सुरक्षित बरामद कर लिया तथा स्कॉर्पियो वाहन को भी जब्त कर आगे की कार्रवाई मे जुट गई है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट