क्रिकेट खेलने के दौरान चली गोली, युवक के सीने में लगी; हालत गंभीर, हायर सेंटर रेफर
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jul 10, 2026
- 65 views
रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट
कैमूर ---- जिले में क्रिकेट खेलने के दौरान हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। मैदान में क्रिकेट खेल रहे युवकों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद होने के बाद कथित रूप से एक युवक को गोली मार दी गई। घायल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कैमूर जिले के कुडासन स्कूल मैदान में गुरुवार की शाम कुछ युवक क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान पहले से चली आ रही रंजिश को लेकर उफरवलिया गांव निवासी गोलू तिवारी ने कथित रूप से विनीत तिवारी (लगभग 24 वर्ष) पर फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि गोली सीधे विनीत के सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मैदान में गिर पड़ा।
गोली चलने की आवाज सुनते ही मैदान में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने घायल युवक को तत्काल सदर अस्पताल भभुआ पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है यह समाचार स्थानीय सूत्रों से प्राप्त प्रारंभिक जानकारी पर आधारित है। पुलिस की आधिकारिक पुष्टि और जांच रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों में बदलाव संभव है।


रिपोर्टर