विकास की तस्वीर या बदहाली की पहचान, सरवरपुर–बेलहिया सड़क बनी परेशानी का सबब
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jul 10, 2026
- 20 views
ब्यूरो चीफ अंकित कुमार की रिपोर्ट
शिवहर------ जिले के तरियानी प्रखंड अंतर्गत सरवरपुर से बेलहिया जाने वाली ग्रामीण सड़क की स्थिति सरवरपुर वार्ड नंबर 4 में बेहद जर्जर हो गई है। सड़क पर लगभग तीन फीट तक गंदे पानी का जमाव रहने से स्थानीय ग्रामीणों, राहगीरों और खासकर स्कूली बच्चों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में यह सड़क लोगों के लिए मुसीबत का सबब बन गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क पर जलजमाव इतना अधिक है कि छोटे-छोटे स्कूली बच्चों को उसी गंदे पानी से होकर विद्यालय जाना पड़ता है। फिसलन और गड्ढों के कारण आए दिन बच्चे पानी में गिरकर घायल हो जाते हैं। किसी का सिर फूट जाता है तो किसी के हाथ-पैर में चोट लग जाती है। कई बच्चों की स्कूल ड्रेस भी गंदे पानी में खराब हो जाती है, जिसके कारण उन्हें विद्यालय में शिक्षकों की नाराजगी का भी सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क से प्रतिदिन सैकड़ों ग्रामीण और छात्र-छात्राएं आवागमन करते हैं, लेकिन लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क पर स्थायी रूप से पानी जमा रहता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस गंभीर समस्या की ओर न तो जिला प्रशासन का ध्यान है और न ही जनप्रतिनिधियों ने कोई पहल की है। कई बार शिकायत के बावजूद अब तक सड़क की मरम्मत या जल निकासी की व्यवस्था नहीं कराई गई है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि सरवरपुर-बेलहिया सड़क सरवरपुर वार्ड 4 की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि स्कूली बच्चों और आम लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।


रिपोर्टर