पीएचसी जयरामपुर का एसडीएम ने किया उद्घाटन, आश्वासन पर जज सिंह अन्ना ने तोड़ा आमरण अनशन

बरसठी (जौनपुर)। बरसठी विकासखंड के जयरामपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) का शनिवार को उपजिलाधिकारी मड़ियाहूं नवीन कुमार ने फीता काटकर उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने आमरण अनशन पर बैठे समाजसेवी जज सिंह अन्ना से वार्ता कर उनकी मांगों पर कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए अनशन समाप्त कराया।

जज सिंह अन्ना 10 जुलाई की सुबह 10 बजे से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर स्थायी चिकित्सक, लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट, अन्य कर्मचारियों की नियुक्ति तथा सभी आवश्यक चिकित्सा उपकरण एवं संसाधन उपलब्ध कराने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर बैठे थे। उपजिलाधिकारी नवीन कुमार ने मौके पर मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) से फोन पर वार्ता कर 15 जुलाई तक पीएचसी जयरामपुर में स्थायी चिकित्सक, लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट, अन्य स्टाफ तथा आवश्यक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन स्तर पर मांगों पर कार्रवाई की जा रही है और निर्धारित समय के भीतर उन्हें पूरा कराया जाएगा। एसडीएम के आश्वासन के बाद जज सिंह अन्ना ने अपना आमरण अनशन समाप्त कर दिया। हालांकि उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 15 जुलाई तक उनकी सभी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वह 20 जुलाई से पुनः अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू करेंगे। इस अवसर पर जज सिंह अन्ना ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में वृक्षारोपण भी किया। उद्घाटन एवं अनशन समाप्ति के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, प्रशासनिक अधिकारी तथा क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट