इंद्रपुरी बराज के पास बन रहे डेहरी हाट का DM ने किया निरीक्षण, समय पर गुणवत्तापूर्ण काम पूरा करने का निर्देश
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jul 16, 2026
- 3 views
संवाददाता पारसनाथ दुबे
डेहरी रोहतास।रोहतास के जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्र ने गुरुवार को इंद्रपुरी बराज के समीप निर्माणाधीन डेहरी हाट का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अभियंताओं से निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की विस्तृत जानकारी ली।
DM ने कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और सभी कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि डेहरी हाट को क्षेत्र की पारंपरिक स्थापत्य शैली एवं सांस्कृतिक पहचान के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। यह हाट भविष्य में कला, संस्कृति, लोक संगीत, पारंपरिक खान-पान और हस्तशिल्प के संरक्षण एवं प्रदर्शन का प्रमुख केंद्र बनेगा।
DM के अनुसार हाट में स्थानीय कारीगरों, बुनकरों, शिल्पकारों एवं कलाकारों के लिए स्थायी स्टॉल विकसित किए जा रहे हैं। इससे उन्हें अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन का बेहतर अवसर मिलेगा। साथ ही स्थानीय कला एवं पारंपरिक उत्पादों को नई पहचान मिलने के साथ क्षेत्र के पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने से स्थानीय युवाओं, महिलाओं, कारीगरों और शिल्पकारों के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।


रिपोर्टर