बरसठी में कृषक प्रशिक्षण गोष्ठी आयोजित, श्री अन्न उत्पादन पर दिया गया विशेष जोर
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Jul 17, 2026
- 5 views
बरसठी (जौनपुर)। विकासखंड बरसठी सभागार में श्री अन्न (मिलेट्स) पुनरोद्धार कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय कृषक प्रशिक्षण एवं क्षमता वर्धन गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं समाजसेवी नीतेश पाठक ने की। गोष्ठी में किसानों को श्री अन्न की खेती, उसके पोषण महत्व, जैविक कृषि तथा केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
मुख्य वक्ता डॉ. रमेश चंद यादव ने कहा कि बाजरा, ज्वार, रागी, सावा और कोदो जैसे मोटे अनाज 'श्री अन्न' की श्रेणी में आते हैं। इनका ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम तथा ग्लूटीन की मात्रा बेहद कम होने के कारण इनके नियमित सेवन से मधुमेह, मोटापा, सिलिएक रोग सहित कई अन्य बीमारियों से बचाव संभव है। उन्होंने कहा कि इन्हीं गुणों के कारण भारत सरकार ने मोटे अनाजों को 'श्री अन्न' का दर्जा देकर इनके उत्पादन और उपयोग को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान चलाया है। विषय वस्तु विशेषज्ञ जयप्रकाश गुप्ता ने किसानों को जैविक खेती, परंपरागत कृषि और प्राकृतिक कीट प्रबंधन की आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी। वहीं दिनेश कुमार ने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर किसानों को उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। विषय वस्तु विशेषज्ञ अशोक पाल ने श्री अन्न को 'सुपर फूड' बताते हुए कहा कि यह बेहतर स्वास्थ्य के साथ किसानों की आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम का संचालन एडीओ कृषि सर्वेश कुमार पाल ने किया। उन्होंने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों से अधिक से अधिक क्षेत्र में श्री अन्न की खेती अपनाने और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया। गोष्ठी में सुनील कुमार, धर्मराज वर्मा, सुनील गुप्ता, ज्ञानेंद्र वर्मा सहित क्षेत्र के सैकड़ों किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और आधुनिक कृषि तकनीकों का प्रशिक्षण प्राप्त किया।


रिपोर्टर