ओवरटेक के दौरान बड़ा हादसा, अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे गिरी; दो युवक गंभीर घायल

बरसठी (जौनपुर)। बरसठी थाना क्षेत्र के मनीपुर गांव के पास शुक्रवार को ओवरटेक के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मियांचक बाजार बाइक की सर्विसिंग कराने जा रहे दो युवक सड़क किनारे गड्ढे में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बरसठी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल जौनपुर रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, शेर सिंह चौहान (23) पुत्र हरि नारायण चौहान निवासी ग्राम खोईरी तथा विपिन सरोज (23) पुत्र प्रकाश सरोज निवासी ग्राम हंसिया बाइक से मियांचक बाजार जा रहे थे। इसी दौरान मनीपुर गांव के पास पीछे से आ रही एक चार पहिया वाहन ने ओवरटेक करने का प्रयास किया। इससे बाइक चालक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी।

हादसे में शेर सिंह चौहान का हाथ और पैर टूट गया, जबकि विपिन सरोज के हाथ और सिर में गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस दोनों घायलों को सीएचसी बरसठी लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की नाजुक हालत देखते हुए जिला अस्पताल जौनपुर रेफर कर दिया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट