धान रोपाई हेतु खेत जा रही महिला ट्रेन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jul 18, 2026
- 8 views
संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट
कैमूर---- जिले के मोहनियां थाना क्षेत्र के मुठानी के पास शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। धान की रोपाई के लिए खेत जा रही एक महिला ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।
घायल महिला की पहचान कौड़ीराम गांव निवासी शंकर राम की 55 वर्षीय पत्नी सुनैना देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह सुबह धान की रोपाई के लिए खेत की ओर जा रही थीं। इसी दौरान मुठानी के समीप रेलवे ट्रैक पार करते समय वह ट्रेन की चपेट में आ गईं, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल महिला को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है। उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मोहनिया थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक पार करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
फिलहाल घायल महिला का इलाज जारी है और पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।


रिपोर्टर