टायर फटने से अनियंत्रित हो पिकअप पलटी अधौरा घाटी में, एक दर्जन लोग घायल
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jul 18, 2026
- 18 views
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अधौरा सहित सदर अस्पताल भभुआं में इलाज जारी
संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट
कैमूर---- जिला के अधौरा पहाड़ी स्थित पचमहुला गांव के पास सवारी पिकअप का चक्का फटने से पिकअप अनियंत्रित हो कर पहाड़ी पर पलट गया, इस हादसे में एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसमें से तीन महिलाओं को बेहतर इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है, बाकी सभी घायलों का इलाज अधौरा पीएचसी में किया जा रहा है,
घायलों में लोहारा थाना क्षेत्र के पचमाहुल गांव निवासी रामजी उरांव की 35 वर्षीय पत्नी लक्ष्मीना देवी एवं लोंदा गांव निवासी पतलु यादव की 35 वर्षीय पत्नी शांति देवी तथा रोहतास जिला के नाटा थाना क्षेत्र अंतर्गत सोली गांव निवासी उपेंद्र उरांव की 40 वर्षीय पत्नी सल्या देवी बताई जाती है, इन तीनों का इलाज भभुआ सदर अस्पताल में चल रहा है,
वहीं सदर अस्पताल पहुंचे घायल के परिजन ने बताया कि लोंदा गांव से अधौरा के लिए सवारी पिकअप वाहन चलता है जहां सभी लोग पिकअप से अधौरा अपने अपने काम से जा रहे थे, जहां बीच रास्ते में पचमाहुल गांव के पास घाटी पर पीकअप का टायर अचानक फट गया, इसके बाद पिकअप अनियंत्रित हो कर पलट गया।
मिली जानकारी के अनुसार बताया जाता है कि पिकअप पर 20 से 25 लोग सवार थे, जहां इस हादसे में महिलाओं सहित 15 लोग घायल हो गए, घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी को इलाज के लिए अधौरा पीएचसी ले जाया गया, जहां से तीन महिलाओं को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया वहीं सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची अधौरा थाना की पुलिस और मामले की जांच में जुट गई।


रिपोर्टर