बुडको की कार्यशैली पर मेयर नाराज, अधूरे कार्यों को जल्द पूरा करने का अल्टीमेटम
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jul 18, 2026
- 9 views
ब्यूरो चीफ प्रेम कुमार की रिपोर्ट
गयाजी----- नगर निगम कार्यालय में शनिवार को शहर की जलापूर्ति व्यवस्था की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मेयर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान ने की। बैठक में नगर आयुक्त डॉ. गगन, सशक्त स्थायी समिति के सदस्य अखौरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव, सदस्य मनोज कुमार, बुडको के कार्यपालक अभियंता अशोक कुमार तथा पार्षद गजेंद्र सिंह, कुंदन कुमार, अशोक कुमार, उपेंद्र कुमार, अनुपमा कुमारी,अमर यादव ,ओम यादव सहित विभिन्न वार्डों के पार्षद उपस्थित रहे।
बैठक में वार्ड संख्या 4, 6, 8, 9, 10, 11, 16, 17, 25 से 35, 40, 41, 44 एवं 51 की जलापूर्ति संबंधी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पेयजल संकट, अधूरे पाइपलाइन कार्य और बाधित जलापूर्ति का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
मेयर गणेश पासवान ने कहा कि मानसून के दौरान भी नगर निगम के कई वार्डों में लोगों को पेयजल के लिए परेशानी झेलनी पड़ रही है, जो अत्यंत गंभीर स्थिति है। उन्होंने बुडको अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि कई क्षेत्रों में अब तक पाइपलाइन विस्तार का कार्य पूरा नहीं हुआ है, जिससे हजारों लोग नियमित जलापूर्ति से वंचित हैं। उन्होंने लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश देते हुए कहा कि बुडको की लापरवाही का खामियाजा नगर निगम और आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
वार्ड संख्या 4, 5 और 6 के पार्षदों ने क्षेत्र में जलापूर्ति की गंभीर समस्या उठाते हुए अतिरिक्त जलमीनार (ओवरहेड टैंक) के निर्माण की मांग की। इस पर बुडको अधिकारियों ने बताया कि प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया जा चुका है और आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वार्ड संख्या 35 के पार्षद ने बताया कि मानसून के बावजूद उनके वार्ड के लगभग 75 प्रतिशत हिस्से में जल संकट बना हुआ है। कई बार शिकायत करने के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ। इस पर मेयर ने कार्यपालक अभियंता पर नाराजगी जताते हुए तत्काल प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में वार्ड संख्या 32 के पार्षद गजेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री शहरी विकास योजना के तहत वीसी-कोठी रोड एवं परमानंद पथ पर सड़क खोदकर महीनों से अधूरा छोड़ दिए जाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण सड़क कीचड़ में तब्दील हो गई है, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने आशा सिंह मोड़ पर लगभग एक करोड़ रुपये की स्वीकृत योजना का भी उल्लेख करते हुए कहा कि अब तक ठेकेदार का चयन नहीं होने से कार्य शुरू नहीं हो सका है। साथ ही निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग भी की।
बैठक के अंत में नगर आयुक्त डॉ. गगन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जलापूर्ति एवं पाइपलाइन से जुड़े सभी लंबित कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा जिन वार्डों में पेयजल संकट है, वहां प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को जल्द राहत मिल सके।


रिपोर्टर