पटना मोड़ पर युवक से मारपीट व लूट का आरोप, आक्रोशित लोगों ने लगाया जाम
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jul 19, 2026
- 47 views
ब्यूरो चीफ संदिप कुमार की रिपोर्ट
कैमूर---- मोहनियां थाना क्षेत्र के पटना मोड़ के समीप रविवार को एक युवक के साथ कथित रूप से मारपीट और लूट की घटना के विरोध में लोगों ने सड़क जाम कर आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस के समझाने-बुझाने के बाद सामान्य कराया गया।
बताया जाता है कि बेलौड़ी गांव निवासी नवाब कुरैशी का पुत्र कल्लू कुरैशी मैजिक वाहन से दादर से एक बछड़ा खरीदकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान पटना मोड़ के समीप बाइक सवार तीन-चार युवकों ने उसका वाहन रोक लिया। पीड़ित का आरोप है कि बदमाशों ने उसके हाथ-पैर बांधकर बेरहमी से पिटाई की और उसके पास मौजूद नकदी भी छीन ली।
घटना में गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने सड़क जाम कर आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग शुरू कर दी।
सूचना पर पुलिस बल एवं क्यूआरटी टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ और आवागमन फिर से शुरू हो सका।
मोहनियां थाना पुलिस ने बताया कि घायल के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


रिपोर्टर