'सरस्वती विद्यानिकेतन मॉडल स्कूल' का गौरव, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तिलौथू को मिला


रोहतास। जिले के तिलौथू प्रखंड के लिए आज का दिन ऐतिहासिक, गौरवपूर्ण एवं शिक्षा के क्षेत्र में नई दिशा देने वाला साबित हुआ। उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, तिलौथू का चयन सरस्वती विद्यानिकेतन मॉडल स्कूल के रूप में होने पर आज बिहार के 551 सरस्वती विद्यानिकेतन मॉडल स्कूलों का शुभारंभ माननीय मुख्यमंत्री द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया।


उद्घाटन समारोह के अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साह एवं हर्षोल्लास का वातावरण रहा। अतिथि के रूप में तिलौथू पूर्वी की मुखिया श्रीमती पुनीता देवी उपस्थित रहीं। साथ ही साथ सरस्वती विद्या मंदिर के प्रधानाध्यापक प्रमोद कुमार सिन्हा, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शशिभूषण प्रसाद, भाजपा जिला प्रवक्ता महेंद्र ओझा, भाजपा मंडल अध्यक्ष ऋतुराज उपाध्याय, विधायक प्रतिनिधि कृष्ण कुमार सिंह, समाजसेवी राम नारायण प्रसाद, सावली सिन्हा (महासचिव, जिला योगासन खेल संघ, रोहतास), जनप्रतिनिधिगण, शिक्षाविद, पत्रकार बंधु, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।


कार्यक्रम का प्रभावी एवं गरिमामय संचालन विद्यालय की शिक्षिका नूतन पाण्डेय ने किया।


कार्यक्रम का सफल आयोजन प्रभारी प्रधानाध्यापक रवि रंजन कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक दुर्गाशंकर पाठक, उमाशंकर प्रसाद, नूतन पाण्डेय, प्रीति श्रीवास्तव, मिथिलेश पासवान, रवि रंजन, कृपा, राहुल कुमार, नीरज आनंद, प्रभुनाथ पाल, पूर्णिमा, नीतू, कृपानिधि तिवारी एवं राजेश सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल के रूप में चयनित होने से अब विद्यार्थियों को अत्याधुनिक प्रयोगशालाएँ, स्मार्ट कक्षाएँ, डिजिटल शिक्षण, नवाचार आधारित शिक्षा तथा गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा। यह उपलब्धि न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे तिलौथू प्रखंड के लिए गर्व का विषय है।


अपने संबोधन में उपस्थित अतिथियों एवं स्थानीय लोगों ने विद्यालय के पूर्व प्रभारी प्रधानाध्यापक श्री मैकू राम के योगदान का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के बाद जब श्री मैकू राम ने विद्यालय की जिम्मेदारी संभाली, तब विद्यालय ने विकास, अनुशासन और शैक्षणिक उत्कृष्टता की दिशा में निरंतर प्रगति की। उनके दूरदर्शी नेतृत्व, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति समर्पण एवं अथक प्रयासों के कारण विद्यालय ने नई पहचान बनाई और सरस्वती विद्यानिकेतन मॉडल स्कूल बनने की मजबूत नींव रखी। उन्होंने इस विद्यालय को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने का जो सपना देखा था, वह आज साकार हुआ है। यद्यपि वर्तमान में वे इस विद्यालय में पदस्थापित नहीं हैं, फिर भी उपस्थित सभी लोगों ने स्वीकार किया कि आज विद्यालय जिस मुकाम पर पहुँचा है, उसमें पूर्व प्रभारी प्रधानाध्यापक श्री मैकू राम के नेतृत्व और दूरदर्शी सोच का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके कार्यों की सभी ने मुक्तकंठ से सराहना की।


समारोह के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों, पत्रकार बंधुओं एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह सरस्वती विद्यानिकेतन मॉडल स्कूल आने वाले समय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचार एवं उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों का केंद्र बनेगा तथा तिलौथू प्रखंड के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य का मजबूत आधार सिद्ध होगा।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट