स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर पूर्व सैनिक सूबेदार मेजर कोमल त्रिपाठी को सम्मानित किए जाने की उठी मांग

जिला अधिवक्ता संघ भभुआ के पूर्व महासचिव द्वारा जिला पदाधिकारी व पुलिस अधीक्षक कैमूर को सौंपा गया ज्ञापन 

संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट 

कैमूर----- आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर कैमूर जिले में पूर्व सैनिकों के सम्मान की मांग तेज हो गई है। जिला अधिवक्ता संघ भभुआ के पूर्व महासचिव मंटू पाण्डेय ने जिला पदाधिकारी कैमूर एवं पुलिस अधीक्षक कैमूर से आग्रह किया है कि 15 अगस्त 2026 को भभुआ स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय ध्वजारोहण समारोह के दौरान अखलासपुर गांव निवासी सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर कोमल त्रिपाठी को सम्मानित किया जाए।

मंटू पाण्डेय ने बताया कि कोमल त्रिपाठी भारतीय सेना में वर्ष 1956 में भर्ती हुए थे और वर्ष 1980 में सूबेदार मेजर के पद से सेवानिवृत्त हुए। उनके अनुसार उन्होंने वर्ष 1962 के भारत-चीन युद्ध तथा वर्ष 1965 और 1971 के भारत-पाक युद्ध में सैनिक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने दावा किया कि युद्धों में उनकी विशिष्ट वीरता और साहस के लिए तत्कालीन राष्ट्रपति नीलम संजीव रेड्डी द्वारा उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया था।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में लगभग 86 वर्षीय कोमल त्रिपाठी अपने पैतृक गांव अखलासपुर में रह रहे हैं। उनके सबसे छोटे पुत्र अभय कुमार त्रिपाठी भी भारतीय सेना में सूबेदार क्लर्क के पद पर जम्मू-कश्मीर के कारगिल क्षेत्र में सेवाएं दे रहे हैं।

मंटू पाण्डेय ने कहा कि यदि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ऐसे वीर सैनिक को सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया जाता है, तो इससे समाज में राष्ट्रसेवा के प्रति सम्मान और युवाओं में सेना के प्रति प्रेरणा का संदेश जाएगा।

उन्होंने जिला प्रशासन से आग्रह किया कि भभुआ स्टेडियम में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में सूबेदार मेजर (सेवानिवृत्त) कोमल त्रिपाठी को सम्मानित कर उनके योगदान का सम्मान किया जाए।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट