एएसीएसबी मान्यता प्राप्त करने वाला देश का छठा आईआईएम बना आईआईएम बोधगया
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jul 22, 2026
- 8 views
ब्यूरो चीफ प्रेम कुमार की रिपोर्ट
गया--- भारतीय प्रबंधन संस्थान बोधगया (आईआईएम बोधगया) को एएसीएसबी इंटरनेशनल (एएसीएसबी) से अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त हुई है। इसके साथ ही संस्थान देश के 22 भारतीय प्रबंधन संस्थानों (आईआईएम) में एएसीएसबी मान्यता प्राप्त करने वाला छठा आईआईएम बन गया है तथा विश्व के शीर्ष 6 प्रतिशत बिजनेस स्कूलों की प्रतिष्ठित श्रेणी में शामिल हो गया है।
वैश्विक स्तर पर ज्ञान और बोध की भूमि के रूप में विख्यात बोधगया में स्थित भ आईआईएम बोधगया में 1,700 से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। संस्थान पाँच दीर्घकालिक पूर्णतः आवासीय शैक्षणिक कार्यक्रम फ्लैगशिप मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (एमबीए), एमबीए इन डिजिटल बिजनेस एंड एआई (डीबी एंड एआई), एमबीए इन हॉस्पिटल एंड हेल्थकेयर मैनेजमेंट (एचएचएम), पाँच वर्षीय इंटीग्रेटेड प्रोग्राम इन मैनेजमेंट (आईपीएम) तथा प्रबंधन में पीएच.डी. के साथ एक एग्जीक्यूटिव एमबीए कार्यक्रम का संचालन करता है। संस्थान की विशिष्ट पहचान इसके शैक्षणिक ढाँचे में माइंडफुलनेस के समावेश से है, जिसके माध्यम से भावनात्मक रूप से परिपक्व, सामाजिक रूप से उत्तरदायी तथा नैतिक मूल्यों से प्रेरित व्यावसायिक नेतृत्व का विकास किया जाता है।
वर्ष 1916 में स्थापित एएसीएसबी इंटरनेशनल दुनिया का सबसे बड़ा और सबसे प्रतिष्ठित बिजनेस एजुकेशन नेटवर्क है। एएसीएसबी मान्यता को बिजनेस शिक्षा में गुणवत्ता का सर्वोच्च मानक माना जाता है। इस मान्यता की प्रक्रिया कड़े गुणवत्ता मूल्यांकन पर आधारित रही। इसकी शुरुआत अगस्त 2025 में एएसीएसबी साउथ एशिया के प्रमुख श्री प्रताप दास के संस्थान दौरे से हुई, जहाँ उन्होंने परिसर की अधोसंरचना और गुणवत्ता प्रणालियों का आकलन किया। इसके बाद मार्च 2026 में पीयर रिव्यू टीम के अंतिम मूल्यांकन दौरे के साथ यह प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी हुई।
इस उपलब्धि पर आईआईएम बोधगया की निदेशक प्रो. (डॉ.) विनिता एस. सहाय ने कहा :
"एएसीएसबी मान्यता प्राप्त होना हमारे संस्थान की परिपक्वता और उत्कृष्टता की निरंतर प्रतिबद्धता का ऐतिहासिक प्रमाण है। यह उपलब्धि हमारी मजबूत संस्थागत प्रक्रियाओं, बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की दूरदर्शी सोच, हमारे संकाय एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के समर्पण तथा विद्यार्थियों के जिम्मेदार नेतृत्व का परिणाम है। हम सभी ने मिलकर ऐसा शैक्षणिक वातावरण तैयार किया है, जो वैश्विक स्तर के सर्वोत्तम मानकों के अनुरूप है।"
एएसीएसबी इंटरनेशनल का मान्यता प्राप्त सदस्य बनने के साथ ही आईआईएम बोधगया ने वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान को और मजबूत किया है। इससे संस्थान को अंतरराष्ट्रीय शोध सहयोग, ड्यूल डिग्री कार्यक्रमों तथा पाँच महाद्वीपों में स्टूडेंट एक्सचेंज साझेदारियों का विस्तार करने में नई संभावनाएँ प्राप्त होंगी।


रिपोर्टर