रामगढ़ थाना पुलिस की कार्रवाई में पिकअप से 1262.285 लीटर विदेशी शराब बरामद, चालक फरार

संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट 

कैमूर------ जिले की रामगढ़ थाना पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गुप्त सूचना के आधार पर भारी मात्रा में शराब से लदी एक पिकअप को जब्त किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 1262.285 लीटर विभिन्न ब्रांड की शराब बरामद की है। हालांकि, पुलिस को देखते ही चालक मौके से वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस फरार चालक और वाहन मालिक की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन के माध्यम से भारी मात्रा में अवैध शराब की खेप लाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद रामगढ़ थाना पुलिस ने मोहनपुर मोड़ पर वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान पिकअप वाहन संख्या BR44G3894--


को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में अलग-अलग ब्रांड की भारी मात्रा में शराब लदी मिली, जिसे तत्काल जब्त कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार जब्त शराब में सबसे अधिक ब्ल्यू लाइम देशी शराब मसाला शामिल है। इसके 103 कार्टन बरामद किए गए, जिनमें प्रत्येक कार्टन में 45-45 पाउच थे। कुल 4635 पाउच, प्रत्येक 200 एमएल का पाया गया, जिसकी कुल मात्रा 927 लीटर है।

इसके अलावा 8 PM स्पेशल ब्रांड की 19 कार्टन शराब बरामद हुई। प्रत्येक कार्टन में 48 बोतलें थीं। कुल 912 बोतलें, प्रत्येक 180 एमएल की थीं, जिसकी कुल मात्रा 164.16 लीटर है।


वाहन से किंगफिशर बियर के 12 कार्टन भी मिले। इनमें कुल 286 कैन/बोतलें थीं, प्रत्येक 500 एमएल की, जिसकी कुल मात्रा 143 लीटर है।

इसके साथ ही रॉयल स्टैग ब्रांड की 3 कार्टन शराब भी बरामद हुई। कुल 75 बोतलें, प्रत्येक 375 एमएल की थीं, जिसकी कुल मात्रा 28.125 लीटर है।

इस प्रकार पुलिस ने कुल 1262.285 लीटर अवैध शराब जब्त की है। बरामद शराब और पिकअप वाहन को थाना लाकर जब्त कर लिया गया है।

रामगढ़ थाना पुलिस ने फरार चालक एवं वाहन स्वामी के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस दोनों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि शराब की यह बड़ी खेप कहां से लाई जा रही थी और इसकी आपूर्ति किस स्थान पर की जानी थी। पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने लोगों से भी अपील की है कि अवैध शराब के कारोबार की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट