डीएम की अध्यक्षता में विकास पंचायत शिविर का आयोजन


रोहतास-- जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्र की अध्यक्षता में शिवसागर प्रखंड की करूप ग्राम पंचायत में 'पंचायत विकास दिवस' का आयोजन किया गया। आयोजित शिविर में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान बिहार सरकार एवं पंचायती राज संस्थाओं द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को दी गई। साथ ही विभिन्न विभागों के माध्यम से प्राप्त आवेदनों के निष्पादन, पात्र लाभार्थियों के चिन्हांकन तथा समयबद्ध तरीके से योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की प्रक्रिया से भी लोगों को अवगत कराया गया।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि पंचायत विकास दिवस सुशासन को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल आवेदन प्राप्त करना नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाना है। जिला पदाधिकारी ने कहा कि करूप ग्राम पंचायत को आधारभूत संरचना, जनसुविधाओं, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका एवं डिजिटल सेवाओं सहित सभी क्षेत्रों में विकसित कर राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर एक आदर्श एवं अनुकरणीय पंचायत के रूप में स्थापित करने के लिए प्रशासन हरसंभव प्रयास करेगा तथा आवश्यक सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।


शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा स्वीकृत योजनाओं से संबंधित स्वीकृति पत्र लाभुकों के बीच वितरित किए गए। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए जिला पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारियों द्वारा पौधारोपण भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी के साथ उपस्थित सभी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने माननीय प्रधानमंत्री के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम "मन की बात" का सामूहिक श्रवण किया।


इस अवसर पर स्थानीय मुखिया, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट