पंजाब में मजदूरी कर रहे शिवहर के मजदूर की संदिग्ध मौत, गांव में पसरा मातम

ब्यूरो चीफ अंकित कुमार की रिपोर्ट 

शिवहर----- जिले के तारियानी प्रखंड अंतर्गत शरीफनगर पंचायत के रामपुर गोट गांव निवासी 50 वर्षीय शंभू बैठा की पंजाब में मजदूरी के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गुरुवार को उनका शव जैसे ही पैतृक गांव पहुंचा, पूरे गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव के लोग पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं।


जानकारी के अनुसार शंभू बैठा अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए पंजाब में खेतों में मजदूरी करने गए थे। वह वहां कृषि कार्य में लगे हुए थे। मृतक के साथ काम कर रहे उनके सहोदर भाई ने बताया कि घटना के दिन सभी लोग खेत में धान की रोपाई करने जा रहे थे। इसी दौरान वे लोग आगे निकल गए, जबकि शंभू बैठा पीछे रह गए। कुछ देर बाद देखा गया कि वह रास्ते में ही उलटकर गिर पड़े थे। जब तक लोग उनके पास पहुंचे, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

हालांकि, उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। परिजन और ग्रामीण इसे संदिग्ध मान रहे हैं तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

मृतक के भाई ने सरकार से भावुक अपील करते हुए कहा कि बिहार में ही रोजगार की व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों को रोजी-रोटी के लिए दूसरे राज्यों में पलायन न करना पड़े। उन्होंने कहा कि यदि राज्य में पर्याप्त रोजगार मिलता, तो शायद ऐसी दुखद घटना नहीं होती।

शंभू बैठा परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य थे। उनके निधन से परिवार पर आर्थिक और मानसिक संकट गहरा गया है। वह अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गए हैं, जिनके सामने अब जीवनयापन की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।

गांव में शोक का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं। वहीं परिवार की निगाहें अब प्रशासन और सरकार से मिलने वाली सहायता पर टिकी हैं। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट