भाजपा के मासिक बैठक में संगठन को अधिक सशक्त बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय किया गया
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jul 31, 2026
- 3 views
रोहतास।भारतीय जनता पार्टी, रोहतास जिला कार्यालय में शुक्रवार को जिला अध्यक्ष संतोष पटेल की अध्यक्षता में जुलाई माह की संगठनात्मक मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य संगठन को और अधिक सशक्त बनाना, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करना तथा बूथ स्तर तक संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के तैलचित्र पर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण कर किया गया। बैठक का संचालन जिला उपाध्यक्ष विजय सिंह ने किया। अपने अध्यक्षीय संबोधन में जिला अध्यक्ष संतोष पटेल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संगठन द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों, सेवा गतिविधियों एवं जनसंपर्क अभियानों को पूरी निष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है। जिलाध्यक्ष ने सभी मंडलों में सफलतापूर्वक आयोजित मंडल बैठकों, शक्ति केंद्रों की सम्मानजनक बैठकों तथा मन की बात कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए मंडल अध्यक्षों एवं मंडल प्रभारियों को धन्यवाद दिया।
बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए पार्टी द्वारा संचालित संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान को प्रत्येक मंडल, शक्ति केंद्र एवं बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से चलाने का निर्णय लिया गया। इस अभियान के माध्यम से सामाजिक समरसता, सामाजिक सद्भाव तथा संत रविदास महाराज के समतामूलक विचारों को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया गया। इसके साथ ही आगामी तिरंगा यात्रा को राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं जनभागीदारी का महाअभियान बताते हुए इसे जिले के प्रत्येक मंडल एवं बूथ स्तर पर उत्साहपूर्वक आयोजित करने पर बल दिया गया। सभी कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित कर राष्ट्रध्वज के सम्मान एवं देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया गया। बैठक में संगठनात्मक विस्तार, आगामी कार्यक्रमों की तैयारी, सेवा एवं समरसता से जुड़े अभियानों तथा विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों की गतिविधियों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। साथ ही संगठन की कार्ययोजना को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुधीर सिंह, जिला पदाधिकारी संतोष शर्मा, सत्येंद्र सिंह, सत्येंद्र दुबे, सतनारायण पासवान, शिवनाथ चौधरी, जिला प्रवक्ता रजनीश कुमार, मंडल अध्यक्ष गुड्डू सिंह, रेखा कुमारी, राकेश केशरी, मृत्युंजय शुक्ला, कन्हैया पासवान, ऋतुराज उपाध्याय, अनिल सिंह, संतोष आर्य, इंद्रजीत सिंह, नागेन्द्र कुमार, चंद्रमा सिंह, मनीष कुमार, सरिता सिंह, भारत कुशवाहा, बेचू महतो, रामजी पाठक, अशोक पांडेय, ब्रजेश कुमार, रजनीकांत पांडेय, अशोक गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान एवं तिरंगा यात्रा सहित पार्टी के सभी आगामी कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संपन्न कराने तथा बूथ स्तर तक संगठन को सुदृढ़ बनाने का संकल्प लिया।


रिपोर्टर