कैमूर में पशु तस्करी का बड़ा खुलासा, कंटेनर से 88 पाड़ा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

ब्यूरो चीफ संदिप कुमार की रिपोर्ट



कैमूर:-- पुलिस ने पशु तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए मोहनिया थाना क्षेत्र से एक कंटेनर में अवैध रूप से ले जाए जा रहे 88 पाड़ा (मवेशी) बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से कंटेनर चालक समेत दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही एक कंटेनर और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त 2026 की रात करीब 9 बजे मोहनिया थाना को गुप्त सूचना मिली कि एक कंटेनर में पशुओं को क्रूरतापूर्वक लादकर डेहरी से उत्तर प्रदेश के उन्नाव ले जाया जा रहा है। सूचना के सत्यापन एवं कार्रवाई के लिए मोहनिया थाना पुलिस ने ग्राम बरेज स्थित बेलौड़ी मोड़ के सामने फ्लाईओवर के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया।


जांच के दौरान कंटेनर संख्या UP21CT-0014 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कंटेनर में 88 पाड़ा क्रूरतापूर्वक बंधे हुए पाए गए। पुलिस ने तत्काल चालक सहित दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया तथा सभी मवेशियों, कंटेनर और दो मोबाइल फोन को जब्त कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मो. इरशाद, पिता अब्दुल्ला, निवासी करीमपुरा, बुलंदशहर रोड, हापुड़ (उत्तर प्रदेश) तथा राजा राम, पिता राजेंद्र राम, निवासी राजा सैली वार्ड संख्या-09, थाना सिमरी, जिला दरभंगा (बिहार) के रूप में हुई है। इस मामले में मोहनिया थाना में पशु तस्करी एवं संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है कि पशुओं की तस्करी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट