गया कॉलेज के शिक्षक व कर्मीयों ने एकजुट हो, काला बिल्ला लगाकर किया शांतिपूर्ण प्रदर्शन
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Aug 05, 2026
- 11 views
ब्यूरो चीफ प्रेम कुमार की रिपोर्ट
गयाजी---- बिहार राज्य विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारी संघर्ष मोर्चा, फुटाब एवं फुस्टाब के आह्वान पर बुधवार को गया कॉलेज, गयाजी के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी संघ ने प्रस्तावित बिहार विश्वविद्यालय अधिनियम-2026 तथा अंगीभूत डिग्री महाविद्यालयों को विश्वविद्यालय से अलग कर बिहार सरकार के अधीन लाने के प्रस्ताव के विरोध में काला बिल्ला लगाकर शांतिपूर्ण ढंग से सामूहिक विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान सभी शिक्षक एवं कर्मचारी अपने नियमित दायित्वों का निर्वहन करते हुए आंदोलन में शामिल हुए।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि राज्यव्यापी चरणबद्ध आंदोलन के तहत 5 से 8 अगस्त 2026 तक सभी विश्वविद्यालयों, स्नातकोत्तर विभागों एवं महाविद्यालयों के शिक्षक तथा शिक्षकेत्तर कर्मचारी काला रिबन लगाकर कार्य करेंगे। 10 अगस्त को सभी शिक्षक एवं कर्मचारी सामूहिक आकस्मिक अवकाश (Mass CL) लेकर मगध विश्वविद्यालय मुख्यालय में प्रदर्शन करेंगे तथा कुलपति को ज्ञापन सौंपेंगे। इसके बाद 11 से 25 अगस्त तक प्रत्येक कार्य दिवस में दोपहर 1:30 बजे से 2:00 बजे तक कार्यस्थल पर 30 मिनट का विरोध प्रदर्शन एवं नारेबाजी की जाएगी। वहीं 5 सितंबर, शिक्षक दिवस के अवसर पर प्रस्तावित विधेयक के संबंध में विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
आंदोलन के प्रथम दिन गया कॉलेज के सभी शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। वक्ताओं ने कहा कि प्रस्तावित विधेयक विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों की स्वायत्तता पर सीधा प्रहार है और इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विशेषज्ञों से व्यापक सलाह लिए बिना यह नीति लागू करना चाहती है। यदि सरकार ने इस प्रस्ताव को वापस नहीं लिया तो राज्यभर के विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मचारी उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
इस अवसर पर शिक्षक संघ की अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) विभा सिंह, उपाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) सोनू अन्नपूर्णा, सचिव डॉ. आनंद कुमार, कोषाध्यक्ष डॉ. पन्ना लाल, कार्यकारिणी सदस्य डॉ. मार्कंडेय पांडे एवं डॉ. अनूप कुमार तथा शिक्षकेत्तर कर्मचारी संघ के प्रक्षेत्रीय मंत्री संतोष कुमार सिंह, अध्यक्ष संदीप कुमार, उपाध्यक्ष प्रवीण कुमार, सचिव दुर्गेश कुमार, उपसचिव राजीव रंजन एवं कमलेश प्रसाद सहित अनेक शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने संयुक्त आंदोलन की आगामी रूपरेखा की जानकारी देते हुए आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया।


रिपोर्टर