नुआंव हत्याकांड मामले में चार नामजद गिरफ्तार, लापरवाही पर दारोगा निलंबित
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Aug 06, 2026
- 64 views
लापता युवक का सिर कटा शव मिलने के बाद एसपी की सख्त कार्रवाई, जांच में लापरवाही मिलने पर नुआंव थाना के पु.अ.नि. आशुतोष कुमार तत्काल प्रभाव से निलंबित
ब्यूरो चीफ संदीप कुमार की रिपोर्ट
कैमूर:--- जिले के नुआंव थाना क्षेत्र के अखिनी गांव में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मामले में प्रथम स्तर पर शिकायत मिलने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं करने के आरोप में नुआंव थाना में पदस्थापित पु.अ.नि. आशुतोष कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार, 5 अगस्त की सुबह करीब सात बजे पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली कि अखिनी गांव के समीप एक व्यक्ति का शव फेंका गया है। जांच में मृतक की पहचान अखिनी निवासी रविन्द्र कुमार के रूप में हुई। पता चला कि रविन्द्र कुमार 3 अगस्त की रात करीब 10 बजे अपनी पत्नी से दोस्त से मिलने जाने की बात कहकर घर से निकले थे, जिसके बाद वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की सूचना नुआंव थाना में दी थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए मृतक की पत्नी के फर्दबयान पर नुआंव थाना कांड संख्या 69/26 दर्ज किया गया। मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 62(2), 3(5) तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(V) के तहत दर्ज कर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मोहनिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में नामजद चारों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों में अखिनी गांव निवासी नौसाद खां उर्फ सोनू खां, मार्कण्डेय मल्लाह, अमित कुमार तथा चम्पा देवी उर्फ पिंकी देवी शामिल हैं। सभी से पूछताछ के बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। इधर, पूरे मामले में नुआंव थाना की भूमिका की जांच अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मोहनिया से कराई गई। जांच में पु.अ.नि. आशुतोष कुमार की भूमिका संदिग्ध पाई गई, जिसे कर्तव्य के प्रति लापरवाही, अनुशासनहीनता और स्वेच्छाचारिता माना गया। इसके आधार पर पुलिस अधीक्षक ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच और अन्य पहलुओं पर कार्रवाई जारी है।


रिपोर्टर