अज्ञात चोरों ने ताला बंद घर से 3.65 लाख नकद समेत 10 लाख से अधिक के जेवरात लेकर हुए फरार
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Aug 06, 2026
- 39 views
कुदरा नगर में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, महीनों से बंद पड़े सीसीटीवी कैमरे बने शोपीस; डॉग स्क्वायड व फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच
संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट
कैमूर--- जिले के कुदरा नगर पंचायत के वार्ड संख्या-4 में गुरुवार को एक बड़ी चोरी की घटना सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। कुदरा थाना से महज लगभग 300 मीटर की दूरी पर स्थित एक बंद मकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए करीब 3 लाख 65 हजार रुपये नकद तथा 10 लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। घटना की सूचना मिलते ही कुदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड एवं फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने का कार्य प्रारंभ किया।
पीड़ित अशोक रावत ने बताया कि वे 21 जुलाई 2026 को आवश्यक कार्य से पूरे परिवार के साथ कोलकाता गए थे। गुरुवार, 6 अगस्त 2026 को जब वे वापस अपने घर लौटे और घर के अंदर प्रवेश किया तो देखा कि कमरों के ताले टूटे हुए हैं तथा पूरा सामान बिखरा पड़ा है। जांच करने पर पता चला कि बक्से और अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे सभी कीमती जेवरात और नकदी गायब हैं।
पीड़ित के अनुसार चोर छत के रास्ते घर में घुसे और एक-एक कर सभी कमरों के ताले तोड़ते हुए पूरे घर की तलाशी ली। चोरों ने बड़ी सफाई से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि घर से लगभग 3.65 लाख रुपये नकद और 10 लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी हुए हैं। चोरी गए सामान में परिवार के वर्षों से संजोकर रखे गए कीमती गहने भी शामिल हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि कुदरा नगर क्षेत्र में लाखों रुपये की लागत से लगाए गए सीसीटीवी कैमरे कई महीनों से बंद पड़े हैं। यदि कैमरे चालू होते तो चोरों की गतिविधियां रिकॉर्ड हो सकती थीं और पुलिस को अपराधियों तक पहुंचने में आसानी होती। नगरवासियों का आरोप है कि बंद पड़े सीसीटीवी कैमरे केवल शोपीस बनकर रह गए हैं, जिससे अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है।
सबसे हैरानी की बात यह है कि यह चोरी की वारदात कुदरा थाना से महज 300 मीटर की दूरी पर हुई है। इसके बावजूद चोरों ने इत्मीनान से घर में घुसकर लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना ने नगर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्ती व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद कुदरा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके बाद डॉग स्क्वायड एवं फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की। टीम ने संभावित फिंगरप्रिंट, फुटप्रिंट एवं अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए हैं, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।
कुदरा थानाध्यक्ष ने बताया कि चोरी की घटना की सूचना प्राप्त हुई है। पीड़ित द्वारा लिखित आवेदन दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। डॉग स्क्वायड एवं फॉरेंसिक टीम की सहायता से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस बीच स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से नगर क्षेत्र में बंद पड़े सीसीटीवी कैमरों को अविलंब चालू कराने, रात्रि गश्त बढ़ाने तथा चोरी की बढ़ती घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो नगर में आपराधिक घटनाएं और बढ़ सकती हैं।


रिपोर्टर