सारंगपुर में राज्‍यमंत्री टेटवाल ने किया औचक निरीक्षण कन्या विद्यालय और छात्रावास की व्यवस्थाओं का लिया जायजा


 राजगढ़ । प्रदेश सरकार के राज्‍यमंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) कौशल विकास एवं रोजगार विभाग गौतम टेटवाल ने शुक्रवार को सारंगपुर स्थित महारानी लक्ष्मी बाई शासकीय कन्या विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर एवं विद्यालय के समीप संचालित निर्माण कार्यों का बारीकी से अवलोकन किया तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और समयबद्ध पूर्णता की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान राज्‍यमंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल सीधे कक्षाओं में पहुंचे, जहां उन्होंने छात्राओं से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई, विषयों की तैयारी, विद्यालय में मिलने वाली सुविधाओं तथा उनके भविष्य के लक्ष्यों के बारे में चर्चा की। इस दौरान उन्होंने स्वयं छात्राओं को अध्ययन भी करवाया तथा उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन का पालन करने और जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

राज्‍यमंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) टेटवाल ने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो बेटियों को आत्मनिर्भर, सक्षम और सशक्त बनाती है तथा समाज और राष्ट्र के निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका सुनिश्चित करती है। इसके पश्चात उन्‍होंने विद्यालय से संबद्ध बालिका छात्रावास का भी विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास में उपलब्ध रहने, स्वच्छता, सुरक्षा, भोजन, पेयजल तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। छात्राओं से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिए कि छात्रावास में रहने वाली प्रत्येक छात्रा को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए। निरीक्षण के दौरान छात्रावास में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी तथा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ रहे और सीसीटीवी कैमरे नियमित रूप से संचालित एवं मॉनिटर किए जाएं।

राज्‍यमंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) टेटवाल द्वारा भोजन व्यवस्था का निरीक्षण करते समय छात्रावास की रसोई में रोटी बनाने की मशीन बंद पाई गई। इस पर उन्‍होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को मशीन को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही  कहा कि छात्राओं के भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और समय पर उपलब्धता में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी आवश्यक संसाधन सुचारु रूप से संचालित रहना चाहिए। प्रदेश सरकार बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और बेहतर सुविधाओं के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। विद्यालयों और छात्रावासों में नियमित निरीक्षण का उद्देश्य व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाना तथा छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निरीक्षण के दौरान सामने आए सभी बिंदुओं पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और किसी भी प्रकार की कमी शेष न रहे।

राज्‍यमंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) टेटवाल ने कहा कि प्रदेश की बेटियों को सुरक्षित वातावरण, उत्कृष्ट शिक्षा और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यालय और छात्रावास की व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार से छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और वे भविष्य में शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेंगी।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट