घर के बाहर खड़ी अपाचे मोटरसाइकिल हुई चोरी, पीड़ित ने थाना प्रशासन को आवेदन सौंप लगाई गुहार

संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट 

 कैमूर-------- जिले के कुदरा नगर क्षेत्र में बाइक चोरी की एक और घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने देर रात एक घर के बाहर खड़ी अपाचे मोटरसाइकिल चोरी कर ली। घटना के बाद पीड़ित ने कुदरा थाना में लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर बाइक की बरामदगी और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुदरा नगर पंचायत के वार्ड संख्या-08 (गुरुनानक होटल के दक्षिण) निवासी राजेश कुमार श्रीवास्तव, पिता स्वर्गीय द्वारिका लाल श्रीवास्तव ने कुदरा थाना को दिए आवेदन में बताया कि शुक्रवार (07 अगस्त 2026) की रात करीब 1:30 बजे से 2:00 बजे के बीच उनके घर के मुख्य गेट के बाहर खड़ी उनकी टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल (निबंधन संख्या BR24Y4101) को अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। उक्त मोटरसाइकिल उनके नाम से निबंधित है।


आवेदन के अनुसार, रात करीब 2:20 बजे वह लघुशंका के लिए उठे। जब घर के बाहर पहुंचे तो देखा कि मुख्य गेट के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल अपने स्थान पर नहीं थी। पहले उन्हें लगा कि किसी परिजन ने बाइक हटाई होगी, लेकिन पूछताछ करने पर ऐसा नहीं पाया गया। इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों के साथ काफी खोजबीन की, लेकिन मोटरसाइकिल का कोई सुराग नहीं मिला।

घटना के बाद पीड़ित ने कुदरा थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया और अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर शीघ्र कार्रवाई की मांग की। उन्होंने पुलिस से चोरी गई बाइक की जल्द बरामदगी तथा घटना में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी की अपील की है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले काफी समयों से कुदरा नगर क्षेत्र में चोरी की घटनाएंं लगातार  देखने को मिल रही है। बंद मकानों, दुकानों और अब घरों के बाहर खड़ी वाहनों को भी चोर अपना निशाना बना रहे हैं। इससे आम लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। लोगों का कहना है कि देर रात सक्रिय चोरों के कारण अब घर के बाहर वाहन खड़ा करना भी सुरक्षित नहीं रह गया है।

नगरवासियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा प्रमुख चौक-चौराहों और गलियों में लगे सीसीटीवी कैमरों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस को सख्त कार्रवाई करनी होगी।


इधर, कुदरा थाना पुलिस ने आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की तैयारी में है ताकि चोरी की वारदात में शामिल अज्ञात चोरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। साथ ही चोरी गई मोटरसाइकिल की बरामदगी के लिए भी विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं।


पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट