प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाघ उघोग उन्नयन योजना के अंतर्गत ऋण स्वीकृत एवं वितरण शिविर का आयोजन
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Aug 13, 2026
- 4 views
रोहतास। जिला उद्योग केंद्र,सासाराम परिसर में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के अंतर्गत ऋण स्वीकृति एवं वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र तथा ऋण वितरण पत्र प्रदान किये गये। महाप्रबंधक द्वारा लाभुकों को शुभकामना देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उनसे अनुरोध किया गया कि वे उद्योग स्थापित कर जिले एवं राज्य की प्रगति के वाहक बनें।
शिविर के दौरान उपस्थित बैंक अधिकारियों एवं बैंकर्स के साथ पीएमएफएमई योजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा भी की गयी। बैठक में बैंकों से अनुरोध किया गया कि आगामी 24 अगस्त को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय स्तर के विशेष अभियान को ध्यान में रखते हुए पीएमएफएमई योजना अंतर्गत ऋण स्वीकृति एवं वितरण की प्रक्रिया को और अधिक गति प्रदान करें,ताकि अधिकाधिक पात्र उद्यमियों को योजना का लाभ मिल सके। बैठक में बैंक अधिकारियों को यह भी अवगत कराया गया कि उद्यमियों की क्षमता विकास हेतु रैम्प योजना के अंतर्गत तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम नियमित रूप से संचालित किया जाएगा,जिसका संचालन नामित प्रशिक्षण संस्थान एनआईइएलइटी द्वारा किया जा रहा है जो बिहार सरकार द्वारा प्रायोजित है। इस कार्यक्रम के माध्यम से उद्यमियों को व्यवसाय प्रबंधन,वित्तीय साक्षरता,विपणन एवं उद्यम विकास से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान की जायेगी। इसके अतिरिक्त,खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र के उद्यमियों की सुविधा के लिए एफएसएसएआई पंजीकरण एवं लाइसेंस निर्माण हेतु विशेष शिविर का भी आयोजन किया गया है। यह विशेष शिविर 20 अगस्त 2026 तक जिला उद्योग केंद्र,रोहतास में संचालित रहेगा। खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र से जुड़े सभी उद्यमी,चाहे उन्होंने किसी सरकारी योजना का लाभ प्राप्त किया हो अथवा नहीं, इस शिविर में आकर अपना एफएसएसएआई पंजीकरण एवं लाइसेंस बनवा सकते हैं।
महाप्रबंधक,जिला उद्योग केंद्र, रोहतास ने सभी इच्छुक उद्यमियों से इन सुविधाओं का लाभ उठाने तथा स्वरोजगार एवं उद्यमिता विकास की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया है। इस कार्यक्रम में महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र रोहतास के अतिरिक्त अग्रणी जिला प्रबंधक सासाराम रोहतास,विभिन्न बैंक के जिला समन्वयक,शाखा प्रबंधक,जिला उद्योग केंद्र के पदाधिकारी,कर्मचारी एवं विभिन्न योजनाओं के लाभुक उपस्थित रहे।


रिपोर्टर