रोहतास में निकली भव्य तिरंगा यात्रा देशभक्ति के नारों से गूंजा सासाराम


रोहतास। हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत सासाराम में जिला प्रशासन एवं कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा को रोहतास जिला के प्रभारी मंत्री एवं माननीय मंत्री, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, बिहार सरकार, श्री अशोक चौधरी की गरिमामयी उपस्थिति तथा जिला पदाधिकारी, रोहतास की अगुवाई में संपन्न किया गया।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ समाहरणालय परिसर से हुआ। यात्रा गांधी चौक, करहगर गेट एवं सर्किट हाउस होते हुए पुनः समाहरणालय परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में लगभग 6,000 लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भारत माता की जय एवं देशभक्ति के नारों से पूरा सासाराम शहर गूंज उठा।

स्वतंत्रता सेनानियों एवं राष्ट्रनायकों को किया नमन

तिरंगा यात्रा के दौरान देश की महान विभूतियों के स्मारकों पर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। महात्मा गांधी स्मारक, सरदार वल्लभभाई पटेल स्मारक, निशान सिंह स्मारक एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मारक पर प्रभारी मंत्री श्री अशोक चौधरी, माननीय विधायक नोखा, माननीय विधायक चेनारी, जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा माल्यार्पण कर राष्ट्रनायकों को नमन किया गया।

जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति

तिरंगा यात्रा में माननीय विधायक, नोखा एवं माननीय विधायक, चेनारी सहित सासाराम नगर निगम की महापौर एवं उपमहापौर, नगर परिषद अध्यक्ष, जिला नागरिक परिषद के उपाध्यक्ष एवं सदस्य तथा रोहतास जिला बीस सूत्री कार्यक्रम के उपाध्यक्ष एवं सदस्य सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों ने भाग लेकर एकता, अखंडता एवं देशभक्ति का संदेश दिया।

जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने यात्रा के सफल एवं व्यवस्थित संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता सह अपर जिला दंडाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी सासाराम, नगर आयुक्त, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, बंदोबस्त पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, वरीय उपसमाहर्ता, उप निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, जिला विकास पदाधिकारी, निदेशक डीआरडीए, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

स्कूली बच्चों, स्काउट-गाइड एवं एनसीसी ने बढ़ाया उत्साह

तिरंगा यात्रा को भव्य स्वरूप प्रदान करने में शिक्षा विभाग के सरकारी एवं निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। स्काउट एंड गाइड तथा एनसीसी के सदस्यों ने भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बच्चों के बैंड की मनमोहक धुनों ने यात्रा में उत्साह और देशभक्ति का वातावरण बनाया। स्कूली छात्राओं द्वारा भारत माता के आकर्षक परिधान में प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।

जीविका दीदियों, कल्याण विभाग के विद्यालयों के विद्यार्थियों, स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों तथा आईसीडीएस कर्मियों ने भी दल-बल के साथ तिरंगा यात्रा में सहभागिता की।

60 फीट का तिरंगा रहा आकर्षण का केंद्र

महिला बटालियन द्वारा प्रदर्शित 60 फीट लंबे तिरंगे ने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। बीएमपी के बैंड दल ने शानदार प्रस्तुति देकर यात्रा में देशभक्ति का जोश भर दिया। नगर निगम द्वारा पेयजल की व्यवस्था तथा शहर की साफ-सफाई के लिए कर्मियों की विशेष व्यवस्था की गई।

यात्रा के दौरान यातायात पुलिस द्वारा सुचारु यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई, जिससे कार्यक्रम व्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

प्रभारी मंत्री ने जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन को दी बधाई

समाहरणालय परिसर में तिरंगा यात्रा के समापन के उपरांत प्रभारी मंत्री श्री अशोक चौधरी ने यात्रा की सफलता के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन को हृदय से बधाई दी। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारी स्वतंत्रता, एकता और अखंडता का प्रतीक है। देश की स्वतंत्रता एवं अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए हम सभी को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना होगा और विकसित भारत एवं विकसित बिहार के निर्माण में अपनी भूमिका निभानी होगी।

उन्होंने कहा कि यह तिरंगा यात्रा देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों के बलिदानों को स्मरण करते हुए उन्हें समर्पित है। तिरंगे की आन, बान और शान के लिए अनेक महान विभूतियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। हमारा दायित्व है कि हम तिरंगे के मान, मर्यादा एवं प्रतिष्ठा को सदैव बनाए रखें।

तिरंगा यात्रा में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों की सक्रिय सहभागिता ने आयोजन को भव्य एवं अविस्मरणीय बना दिया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट